आगरा में हिस्ट्रीशीटर की सोते समय हत्या: धारदार हथियार से किए ताबड़तोड़ वार, खून से लथपथ हालत में चारपाई पर मिला शव

फतेहाबाद थाना क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर की सोते समय बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने खेत में चारपाई पर सो रहे युवक के सिर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह उसका शव खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कछपुरा गांव का रहने वाला प्रेमवीर (35 वर्ष) पुत्र राजवीर सिंह बुधवार शाम को रोज की तरह अपने खेत पर गया था। उसने खेत में एक नीम के पेड़ के नीचे चारपाई डाली और वहीं सो गया। रात के अंधेरे में घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने सोते समय उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण प्रेमवीर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शौच के लिए गए ग्रामीण ने देखा शव
घटना का खुलासा गुरुवार सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच हुआ। गांव का ही एक व्यक्ति, लालाराम, जब खेत की तरफ शौच के लिए गया, तो उसने प्रेमवीर को चारपाई पर पड़ा देखा। आवाज लगाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला, तो वह पास गया। चारपाई पर प्रेमवीर का खून से लथपथ शव देखकर उसके होश उड़ गए। लालाराम के शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
कई थानों का हिस्ट्रीशीटर था मृतक
सूचना मिलते ही फतेहाबाद थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाकर जरूरी साक्ष्य और सबूत जुटाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों और पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मृतक प्रेमवीर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई थानों का हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस को आशंका है कि इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश या जमीनी विवाद के चलते अंजाम दिया गया है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।










