गोरखपुर में अवैध असलहा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार बदमाश गिरफ्तार, 10 हजार इनामी अपराधी भी शामिल

पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अवैध असलहा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। कैंट थाना पुलिस ने बुधवार को गिरोह के चार और शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 10 हजार रुपये का इनामी अपराधी भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से .32 बोर की 2 अवैध ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बीरू साहनी शामिल है, जिस पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बीरू के अलावा पकड़े गए अन्य बदमाशों की पहचान मुलायम निषाद उर्फ नितेश (निवासी डुमरी खास), शैलेंद्र निषाद (निवासी लहसड़ी) और चंदन जायसवाल उर्फ लकी (निवासी डुमरी खास) के रूप में हुई है।
वी पार्क से पांच तस्कारों की हुई थी गिरफ्तारी
इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ 21 सितंबर की रात को हुआ था, जब यूपी एसटीएफ ने विंध्यवासिनी पार्क के पास से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े पांच मुख्य असलहा तस्करों को पकड़ा था। इन तस्करों से हुई पूछताछ में 26 अन्य लोगों के नाम सामने आए थे, जो मध्य प्रदेश, हरियाणा और बिहार से हथियार लाकर पूर्वांचल में सप्लाई करते थे। गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में जेल जाने वाले आरोपियों की संख्या 10 हो गई है, जबकि दो आरोपी पहले ही कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
फरार आरापियों की तालाश में पुलिस
पुलिस ने सभी चारों आरोपियों से पूछताछ करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस मामले में नामजद 21 अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।










