आगरा में पति ने की पत्नी की हत्या: घर के परिसर में ही किया अंतिम संस्कार, साक्ष्य मिटाने के लिए अवशेषों को यमुना नदी में बहाया

आगरा|
घर के परिसर में ही किया अंतिम संस्कार, साक्ष्य मिटाने के लिए अवशेषों को यमुना नदी में बहाया

अछनेरा थाना क्षेत्र के कुकथला गांव से एक गंभीर वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी 27 वर्षीय पत्नी चांदनी की हत्या कर दी। वारदात को छुपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपी ने शव का अंतिम संस्कार घर के परिसर में ही कर दिया और अवशेषों को यमुना नदी में बहा दिया। खुद को बचाने के लिए आरोपी पति ने थाने में पत्नी के लापता होने की झूठी कहानी भी रची थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति लोकेंद्र सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच के अनुसार, मृतका चांदनी की शादी साल 2022 में सिकंदरा थाना क्षेत्र के गांव अकबरा निवासी लोकेंद्र सोलंकी के साथ हुई थी। दोनों की एक ढाई वर्ष की मासूम बेटी भी है। परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद लोकेंद्र ने चांदनी पर प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

साक्ष्य मिटाने का किया प्रयास

हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे घर के पीछे बने बाड़े में टिन शेड के नीचे ले जाकर नष्ट करने का प्रयास किया। इसके बाद वह अवशेषों को समेटकर आगरा लाया और यमुना नदी में प्रवाहित कर दिया। उसने चांदनी का मोबाइल फोन भी बंद कर दिया था ताकि किसी को संदेह न हो।

गुमशुदगी की दर्ज कराई थी रिपोर्ट

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लोकेंद्र सीधे अछनेरा थाने पहुंचा और पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज करा दी। इस बीच चांदनी के मायके वाले भी थाने पहुंच गए और उन्होंने लोकेंद्र व उसके ससुराल वालों पर बेटी को गायब करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस जांच के लिए कुकथला गांव पहुंची, तो उन्हें चांदनी की दो साल की बेटी एक दुकान के बाहर अकेले खेलते हुए मिली। घर और आसपास के हालात संदिग्ध लगने पर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि जब संदेही पति लोकेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने पति की निशानदेही पर घटनास्थल से मामले से जुड़े साक्ष्य और मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर भी केस दर्ज

डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य के मुताबिक, घटनास्थल से मिले अवशेषों का डीएनए मिलान कराया जाएगा। मृतका के भाई की तहरीर पर मुख्य आरोपी पति लोकेंद्र सोलंकी के अलावा उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।