आगरा में प्रिंसिपल की सड़क हादसे में मौत: स्कूल की छुट्टी के बाद लौट रहे थे घर, कार का अगला हिस्सा पूरी तरह हुआ चकनाचूर

मलपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्वालियर रोड पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपनी कार से घर लौट रहे एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की डंपर की आमने-सामने की भिड़ंत में मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और प्रिंसिपल का शव गाड़ी के अंदर ही फंस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 52 वर्षीय भूपेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो सिकंदरा के रहने वाले थे। वह खेरागढ़ ब्लॉक के चीत गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रिंसिपल के पद पर तैनात थे। दोपहर में जब स्कूल की छुट्टी हुई, तो भूपेंद्र सिंह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से अकेले ही घर के लिए रवाना हुए थे।
जैसे ही उनकी कार मलपुरा थाना क्षेत्र में ग्वालियर रोड पर पहुंची, सामने से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर तोड़ा दम
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, जिससे भूपेंद्र सिंह को सिर पर गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय राहगीरों और ग्रामीणों की सूचना पर तुरंत मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार के मलबे और सीट में फंसे प्रिंसिपल के शव को बाहर निकाला।
आरोपी चालक मौके से फरार
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक डंपर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रिंसिपल की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
डंपर चालक की तालाश में जुटी पुलिस
मलपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि डंपर को जब्त कर लिया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार डंपर चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं।










