टॉयलेट विवाद में बड़े भाई ने छोटे की ली जान: चारपाई के पाटे से हमला कर की हत्या, मारपीट में पत्नी भी घायल

अयोध्या|20 घंटे पहले
चारपाई के पाटे से हमला कर की हत्या, मारपीट में पत्नी भी घायल

कैंट थाना क्षेत्र में सोमवार को एक मामूली पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। टॉयलेट के उपयोग को लेकर शुरू हुए झगड़े में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतक की बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पुस्तैनी संपत्ति और मकान में बने शौचालय के उपयोग को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह यही विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते एक व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

काफी समय से चल रहा था विवाद

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ककरही बाजार क्षेत्र निवासी मौजीराम यादव अपने परिवार के साथ पिता के नाम दर्ज पुस्तैनी मकान में रहते हैं। वहीं उनके छोटे भाई राधेश्याम यादव पास ही स्थित दूसरे मकान में अपनी पत्नी के साथ निवास करते थे। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच पिता के मकान में बने शौचालय के उपयोग को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। कई बार कहासुनी और तनाव की स्थिति भी उत्पन्न हुई थी। मामला कभी इस हद तक नहीं पहुंचा था। सोमवार सुबह जब राधेश्याम यादव पुस्तैनी मकान में बने शौचालय की ओर गए, तभी बड़े भाई मौजीराम यादव ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। जो बाद में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।

मौके से फरार आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार विवाद बढ़ने पर मौजीराम यादव घर के अंदर गए। चारपाई का लकड़ी का पाटा लेकर लौटे। आरोप है कि उन्होंने अपने छोटे भाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे। गंभीर चोट लगने के कारण राधेश्याम यादव जमीन पर गिर पड़े, लेकिन हमला नहीं रुका। लगातार की गई मारपीट के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान मृतक की पत्नी अपने पति को बचाने के लिए आगे आई। उसके साथ भी मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। हमले में वह घायल हो गई और जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना के दौरान चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस और सीनियर अफसर घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतक की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।

दर्ज होगा हत्या का मुकदमा

क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद हत्या की वजह के रूप में सामने आया है। पुलिस ने आरोपी मौजीराम यादव और उनकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।