अयोध्या में तेज रफ्तार स्कार्पियो ट्रक से टकराई: हादसे में 3 लोगों की मौत, 4 की हालत गंभीर

अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार स्कार्पियो पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा गुरुवार सुबह करीब सात बजे रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज स्थित अयोध्या-लखनऊ नेशनल हाईवे पर हुआ। जानकारी के अनुसार स्कार्पियो लखनऊ की ओर से तेज गति से आ रही थी। आगे चल रहे ट्रक के करीब पहुंचने पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कार्पियो पीछे से सीधे ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कार्पियो की छत पूरी तरह उड़ गई, वाहन बुरी तरह पिचक गया। उसके पहिए तक अलग होकर सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना के समय वाहन में सात लोग सवार थे।
चीख-पुकार के बीच चला राहत अभियान
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, चार घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां उनका उपचार जारी है।
कुछ देर के लिए थमा हाईवे का यातायात
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और स्कार्पियो को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया। सड़क पर वाहन के टूटे हिस्से और खून के निशान लंबे समय तक दिखाई देते रहे।
मृतकों की शिनाख्त में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी रतन शर्मा ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। तीनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। चार घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









