राम मंदिर दर्शन के बहाने रेप का आरोप: बिहार की महिला ने लगाया आरोप, कथावाचक समेत दो पर केस दर्ज

अयोध्या|08 जून 2026
बिहार की महिला ने लगाया आरोप, कथावाचक समेत दो पर केस दर्ज

बीकापुर क्षेत्र में एक कथावाचक के खिलाफ रेप, धोखाधड़ी और धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। बिहार की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने कथावाचक पवन देव महाराज और उनके पिता रमाकांत शास्त्री के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने आरोप लगाया है कि कथावाचक ने राम मंदिर दर्शन कराने के बहाने उसे अयोध्या बुलाया। फिर शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया। साथ ही करीब 10 लाख रुपये मूल्य के गहने और अन्य कीमती सामान भी अपने पास रख लिया।

पीड़िता बिहार के सीवान जिले की निवासी है और पहले से विवाहित है। उसके दो बच्चे भी हैं। महिला के अनुसार वर्ष 2023 में बिहार के चंपारण में आयोजित एक धार्मिक कथा कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात पवन देव महाराज से हुई थी। कार्यक्रम के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और समय के साथ संपर्क बढ़ता गया। महिला का आरोप है कि इसी दौरान कथावाचक ने उसे राम मंदिर के विशेष दर्शन कराने का भरोसा दिया। जुलाई 2025 में उसे अयोध्या बुला लिया।

शादी का वादा कर साथ रखा

महिला का आरोप है कि अयोध्या पहुंचने के बाद कथावाचक ने उसे अपने घर में ठहराया। अगले दिन घर के अन्य सदस्यों के बाहर जाने के बाद उसने उसके साथ रेप किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर कथावाचक ने माफी मांगते हुए विवाह का प्रस्ताव रखा। महिला का कहना है कि उसने इसी भरोसे पर शिकायत नहीं की। बाद में अगस्त 2025 में दोनों ने मंदिर में विवाह भी किया। पीड़िता के मुताबिक विवाह के बाद वह कथावाचक के घर में रहने लगी और इसी दौरान गर्भवती भी हो गई। हालांकि कुछ महीनों बाद उसे जबरन मायके भेज दिया गया। महिला का आरोप है कि उस समय उसके पास मौजूद लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के गहने और अन्य कीमती सामान कथावाचक और उसके परिवार ने अपने पास रख लिए।

मारपीट और धमकी का भी आरोप

महिला ने शिकायत में कहा है कि बाद में जब उसने अपने गहने और अधिकारों की मांग की तो कथावाचक और उसके पिता ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। उसने आरोप लगाया कि अब उसके पास न नौकरी है और न ही रहने का कोई स्थायी ठिकाना। ऐसे में वह न्याय और कानूनी संरक्षण की मांग कर रही है।

पुलिस जुटी जांच में

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामला संवेदनशील है। इसलिए हर पहलू की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।