सरयू में डूबे बस्ती के तीन दोस्त: बर्थडे मनाने अयोध्या आए थे युवक, सात घंटे बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

अयोध्या|07 मई 2026
बर्थडे मनाने अयोध्या आए थे युवक, सात घंटे बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

जिले में गुरुवार सुबह सरयू नदी में बड़ा हादसा हो गया। बस्ती जिले से दोस्त का जन्मदिन मनाने आए चार युवकों में से तीन नदी में डूब गए। जबकि एक युवक को घाट पर तैनात जल पुलिस ने समय रहते बचा लिया। घटना लक्ष्मण घाट की है। हादसे के बाद पूरे घाट क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुबह सात बजे से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन दोपहर तक भी तीनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अयोध्या पहुंच गए। घाट पर चीख-पुकार और मातम का माहौल बना हुआ है। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, बस्ती जिले के रहने वाले किशन सोनी का गुरुवार को जन्मदिन था। इसी मौके पर वह अपने दोस्तों अभिषेक कुमार, सुजल और राज गुप्ता के साथ अयोध्या घूमने और दर्शन करने आया था। चारों दोस्त सुबह-सुबह लक्ष्मण घाट पहुंचे। वहां उन्होंने सरयू में स्नान करने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि अभिषेक, सुजल और राज नदी में उतर गए, जबकि किशन घाट पर ही बैठा रहा। शुरुआत में सभी सामान्य तरीके से स्नान कर रहे थे, लेकिन कुछ देर बाद तीनों युवक घाट से आगे गहरे पानी की ओर बढ़ने लगे। किशन ने उन्हें आवाज देकर वापस आने को कहा, लेकिन दोस्तों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया।

अचानक गहरे पानी में डूबने लगे युवक

कुछ ही देर बाद तीनों युवक तेज बहाव में फंस गए। देखते ही देखते वे डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। किशन भी घबराकर मदद के लिए चिल्लाने लगा। आवाज सुनते ही घाट पर तैनात जल पुलिस और गोताखोर नदी में कूद पड़े। जल पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक युवक को बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी तीन युवक गहरे पानी में लापता हो गए। इसके बाद तुरंत एसडीआरएफ को सूचना दी गई। कुछ ही देर में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।

सात घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन

तीनों युवकों की तलाश में सुबह सात बजे से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दोपहर दो बजे तक सात घंटे बीत चुके थे, लेकिन तीनों का कोई सुराग नहीं मिला। एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की चार टीमें करीब दो किलोमीटर के दायरे में तलाश कर रही हैं। घाट पर प्रशासन की पूरी टीम मौजूद है। एडीएम अरविंद कुमार, कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार सिंह और अन्य अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। गोताखोर नदी के तेज बहाव और गहराई के बीच युवकों की तलाश में जुटे हैं।

परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद डूबे युवकों के परिजन अयोध्या पहुंच गए। परिवार के लोग घाट पर बदहवास हालत में दिखाई दिए। राज गुप्ता के पिता राजीव गुप्ता ने बताया कि उनका बेटा रात में चुपके से घर से निकल गया था। सुबह पता चला कि वह दोस्तों के साथ अयोध्या आया है। सुबह फोन पर बात भी हुई थी। उसने कहा था कि शाम तक घर लौट आएगा। लेकिन कुछ ही देर बाद उसके डूबने की खबर मिल गई। वहीं, सुजल की मामी पिंकी गुप्ता ने बताया कि वह डांसर था और घर से बताकर अयोध्या आया था। परिवार को बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि इतनी बड़ी घटना हो जाएगी। किशन सोनी के पिता किराना दुकान चलाते हैं। उनके परिवार के लोग भी सूचना मिलने के बाद अयोध्या के लिए रवाना हो गए।

अमरोहा के दो युवकों की भी बची जान

इसी दौरान सरयू नदी में एक और हादसा होते-होते बच गया। अमरोहा जिले के दो युवक भी स्नान के दौरान डूबने लगे थे। हालांकि, जल पुलिस ने समय रहते दोनों को बचा लिया। जल पुलिस के जवान नित्यानंद यादव ने बताया कि सुबह करीब छह बजे दोनों युवक गहरे पानी में चले गए थे। टीम ने तुरंत रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सरयू नदी में स्नान करते समय सावधानी बरतें और घाट से आगे गहरे पानी में न जाएं। अधिकारियों का कहना है कि नदी में कई जगह तेज बहाव और गहराई ज्यादा है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। घाटों पर लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।