बहराइच में बैरियर तोड़ नेपाल में घुसी कार: जवानों के रोकने पर वाहन चढ़ाने का किया प्रयास, छह थानों की पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

भारत-नेपाल सीमा पर रूपईडीहा स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई। दोपहर करीब तीन बजे तेज रफ्तार कार संख्या UP 40 AR 7224 सुरक्षा बैरियर और स्पीड गेट को टक्कर मारकर तोड़ते हुए चेक पोस्ट के प्रतिबंधित क्षेत्र में दाखिल हो गई और फिर नेपाल की ओर निकल गई। घटना के बाद एसएसबी, एलपीएआई और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। आईसीपी मैनेजर की तहरीर पर रुपईडीहा थाने में अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। भारतीय पुलिस के साथ नेपाल में भी वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
रूपईडीहा सीमा पर इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की सुरक्षा में एसएसबी और गार्ड जवान तैनात हैं। बताया गया कि बिना अनुमति कार मुख्य गेट और बैरियर को तोड़कर अंदर घुस गई। एसएसबी और एलपीएआई के जवानों ने गेट बंद कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने दोबारा गतिरोधक गेट को टक्कर मार दी और तेज गति से फरार हो गया। आईसीपी के सुरक्षा सलाहकार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि जवानों द्वारा रोकने पर चालक ने वाहन उनके ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। तेज गति से भागने के दौरान एक बाइक के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही सुरक्षा एजेंसियां
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां आईसीपी और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। हाईवे और आसपास के प्रतिष्ठानों के कैमरों से भी संदिग्ध वाहन की गतिविधियों का इनपुट जुटाया जा रहा है। अधिकारियों का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कार आईसीपी तक कैसे पहुंची और चालक के इस तरह भागने की वास्तविक वजह क्या थी?
पुलिस ने सीज किया वाहन
घटना की सूचना सीमा क्षेत्र से जुड़े करीब आधा दर्जन थानों और चौकियों को दी गई। इसके बाद पुलिस ने हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहन की तलाश शुरू कर दी। करीब तीन घंटे तक अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस टीमें सक्रिय रहीं। बताया जा रहा है कि संदिग्ध कार शहर के बशीरगंज मोहल्ले की है। बाद में यह वाहन नानपारा और मटेरा के बीच लावारिस हालत में मिला। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि वाहन नंबर के आधार पर उसके मालिक और अन्य संबंधित लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। संबंधित लोगों के पकड़े जाने के बाद ही घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







