तेज रफ्तार बस ने उजाड़ दिया परिवार: मां-चाची और चार माह की मासूम की मौत, एक ही बाइक पर सवार थे पांच लोग

गाजीपुर|07 जून 2026
मां-चाची और चार माह की मासूम की मौत, एक ही बाइक पर सवार थे पांच लोग

सैदपुर कोतवाली क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार प्राइवेट बस की टक्कर से बाइक पर सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पिता और डेढ़ वर्षीय बेटी गंभीर हादसे के बावजूद बच गए। मृतकों में देवरानी, जेठानी और एक चार माह की मासूम बच्ची शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

पुलिस के अनुसार मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर गांव निवासी प्रतीक गिरि अपनी पत्नी काजल गिरि, चार माह की बेटी सेजल, डेढ़ वर्ष की बेटी श्रेया और भाभी रितु गिरि के साथ बाइक से आजमगढ़ स्थित ससुराल से वापस घर लौट रहे थे। जब वह सैदपुर-बहरियाबाद हाईवे पर शरीफपुर अंडरपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक प्राइवेट बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे प्रतीक और टंकी पर बैठी उनकी बड़ी बेटी श्रेया दूर जा गिरे। जबकि पत्नी काजल, भाभी रितु और चार माह की मासूम सेजल बस के पहिए के नीचे आ गईं। तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर खून और मलबा बिखर गया। जिससे दृश्य बेहद हृदयविदारक हो गया।

इलाज के लिए लौट रहे थे घर

परिजनों के मुताबिक प्रतीक की सास का इलाज वाराणसी में चल रहा था। उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रतीक उन्हें आजमगढ़ स्थित घर छोड़ने गए थे। वहीं से परिवार के सदस्यों को लेकर मिर्जापुर लौट रहे थे। बताया गया कि प्रतीक मुंबई में सिलाई-कढ़ाई का काम करते हैं। कुछ दिन पहले ही परिवार के काम से गांव आए थे।

चालक गिरफ्तार, जांच शुरू

हादसे के बाद बस चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर अरेस्ट कर लिया। घायल प्रतीक को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उनके हाथ में फ्रैक्चर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं डेढ़ वर्षीय श्रेया को प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने सीज किया वाहन

सैदपुर कोतवाली प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सभी बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस बस मालिक से भी संपर्क करने का प्रयास कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।