बलरामपुर में ट्रक, कार और बोलेरो की ​भिड़ंत: कार सवार मां-बेटे की मौके पर हुई मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

उत्तरप्रदेश|
कार सवार मां-बेटे की मौके पर हुई मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

बलरामपुर-तुलसीपुर हाईवे पर बुधवार सुबह दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक बेकाबू ट्रक, कार और बोलेरो के बीच हुई जबरदस्त त्रिकोणीय भिड़ंत में कार सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में अधिकारी की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।

मृतकों की पहचान श्यामनारायण (45) और उनकी मां कैलाशी देवी (60) के रूप में हुई है। श्यामनारायण मूल रूप से संतकबीरनगर के महुली क्षेत्र के रहने वाले थे और तुलसीपुर चीनी मिल में सहायक गन्ना प्रबंधक (केन मैनेजर) के पद पर तैनात थे। जानकारी के मुताबिक, श्यामनारायण की डायलिसिस होनी थी। वह अपनी मां और पत्नी वंदना चौधरी (42) के साथ से लखनऊ जा रहे थे। कार स्वयं श्यामनारायण ही चला रहे थे।

झपकी आने से अनियंत्रित हुई कार

प्रत्यक्षदर्शियों और बोलेरो चालक के अनुसार, चीनी मिल मैनेजर की कार जब कोतवाली नगर क्षेत्र के मेवालाल पुलिस चौकी और बालाजी गैस एजेंसी के पास पहुंची, तो अचानक अनियंत्रित होकर अपनी दिशा से भटक गई। आशंका जताई जा रही है कि कार चला रहे श्यामनारायण को अचानक झपकी आ गई, जिससे स्टीयरिंग घूम गया। जिसके बाद कार सीधे सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह घूमकर पीछे से आ रही बोलेरो गाड़ी से भी टकरा गई। हादसे में श्यामनारायण और उनकी मां कैलाशी देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गनीमत रही कि बोलेरो में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल वंदना चौधरी को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस अब मामले की वैधानिक कार्रवाई और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे से चीनी मिल कर्मियों और मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।