गाजीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: 'उत्तर प्रदेश सरकार' लिखी गाड़ी ने फल विक्रेता को मारी टक्कर, मौके पर हुई मौत

बंशी बाजार में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां 'उत्तर प्रदेश सरकार' लिखी एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे जा रहे एक फल विक्रेता के ठेले को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फल विक्रेता गाड़ी के नीचे फंस गया और बोलेरो उसे करीब 100 मीटर तक घसीटती हुई ले गई। इस भयावह हादसे में फल विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय मोहम्मद राजू राइनी के रूप में हुई है। राजू रोज की तरह सैनिक चौराहे पर फल बेचने का काम करता था। मंगलवार की रात वह दुकान बंद कर अपने ठेले के साथ वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान बंशी बाजार के पास सामने से आ रही वीआईपी टैग लगी बोलेरो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
दो साल पहले ही हुई थी शादी
राजू की मौत की खबर सुनते ही उसके परिवार में चीख-पुकार मच गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि राजू की शादी महज दो साल पहले ही हुई थी। वह अपने परिवार का एकमात्र सहारा था, और इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना को अंजाम देने वाली 'उत्तर प्रदेश सरकार' लिखी बोलेरो और उसके चालक की तलाश की जा रही है।










