बलरामपुर में एमपीयू में कार्यक्रम का आयोजन: विद्यार्थियों को सरकार की योजनाओं से कराया गया अवगत, जनकल्याण योजना पर विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन

मां पटेश्वरी विश्विद्यालय में पढ़ाई के साथ सरकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी विद्यार्थियों के लिए कितनी महत्वपूर्ण है, इसे लेकर विश्वविद्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उच्च शिक्षा, नवाचार और स्टार्टअप से जुड़ी जानकारियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में स्कूल ऑफ फिजिक्स के डॉ. भरत कुमार गुप्ता और डॉ. अरुण कुमार सिंह ने छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी देते हुए आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से समय से आवेदन करने और दस्तावेजों को दुरुस्त रखने को कहा।
डिजिटल व्यवस्थाओं की दी जानकारी
स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डॉ. नरगिस बानो ने डिजिटल शिक्षा और केंद्र सरकार की विद्यार्थी उपयोगी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने समर्थ पोर्टल, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी) आईडी, डिजिलॉकर और ओटीआर जैसी डिजिटल व्यवस्थाओं की उपयोगिता समझाई। साथ ही कौशल विकास और रोजगार से जुड़े अवसरों की जानकारी दी।
एआई और स्टार्टअप के क्षेत्र से कराया अवगत
स्कूल ऑफ एजुकेशन के डॉ. सुधांशु कुमार सिंह ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत शिक्षा में आए बदलाव, अकादमिक फ्लेक्सिबिलिटी और कौशल आधारित शिक्षा पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। वहीं स्कूल ऑफ मैथमेटिक्स के डॉ. पंकज कुमार शुक्ला और डॉ. बलराम प्रजापति ने एआई, शोध, नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों पर चर्चा की।
विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से पूछे सवाल
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति, डिजिटल शिक्षा, रोजगार, उच्च शिक्षा, एआई और स्टार्टअप से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने सवालों के जवाब देकर विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की जानकारी दी। संचालन डॉ. अंगद कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारी उपस्थित रहे।










