चलती डबल डेकर एसी बस बनी आग का गोला: 26 यात्रियों की बची जान, दूसरी बस से भेजे गए हरिद्वार

उत्तरप्रदेश|7 घंटे पहले
26 यात्रियों की बची जान, दूसरी बस से भेजे गए हरिद्वार

मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। जयपुर से हरिद्वार जा रही राजस्थान रोडवेज की डबल डेकर एसी बस में अचानक आग लग गई। पीछे से आ रहे एक बाइक सवार की सतर्कता से चालक को समय रहते धुआं उठने की जानकारी मिल गई। इसके बाद बस रोककर सभी 26 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही मिनटों में बस धधकती आग का गोला बन गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई।

घटना दौराला थाना क्षेत्र के दादरी फ्लाईओवर के पास सुबह करीब सात बजे हुई। बस जयपुर से हरिद्वार जा रही थी और उसमें 26 यात्री सवार थे। पुलिस के अनुसार, पीछे से गुजर रहे एक बाइक सवार ने बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता देख चालक को ओवरटेक कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही चालक ने बिना देर किए बस को हाईवे किनारे रोक दिया। चालक और परिचालक ने तत्काल यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। कुछ यात्री दरवाजे से उतरे तो कई ने खिड़कियों से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर आते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

बस चालक जयपुर निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि वह गुरुवार रात करीब 10 बजे राजस्थान रोडवेज की डबल डेकर एसी बस लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ सीकर निवासी परिचालक रामकुमार हुड्डा भी मौजूद थे। शुक्रवार सुबह मेरठ-मुजफ्फरनगर सीमा के पास पहुंचने पर बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। बस रोकने के बाद चालक ने यात्रियों का सामान भी डिग्गी से बाहर निकालने का प्रयास किया। लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

20 से 25 मिनट में बस जलकर राख

स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग से उठता धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। इससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दमकल ने पाया आग पर काबू

मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही सुबह करीब साढ़े सात बजे दमकल की गाड़ियां रवाना कर दी गई थीं। मेरठ, सरधना और मुजफ्फरनगर से कुल चार फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

सभी यात्री सुरक्षित

दौराला इंस्पेक्टर सुमन कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी 26 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बाद में दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें हरिद्वार के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।