जमीनी विवाद में बवाल: ताला तोड़ने पर महिलाओं से मारपीट, वीडियो वायरल होने पर 4 पर केस

उत्तरप्रदेश|4 घंटे पहले
ताला तोड़ने पर महिलाओं से मारपीट, वीडियो वायरल होने पर 4 पर केस

अतरौलिया थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के लोग घर का ताला तोड़ने पहुंचे और विरोध करने पर महिलाओं समेत परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। घटना में दो महिलाएं और एक युवक घायल हो गए। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन अगया गांव में 25 जून को हुई घटना का मामला शुक्रवार को वीडियो वायरल होने के बाद सुर्खियों में आ गया। पीड़िता शशिकला चौबे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पुरानी जमीनी रंजिश के चलते रामप्रसाद चौबे, उनके पुत्र चंदन, रोशन और अंकिल दोपहर करीब दो बजे लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की।

महिलाओं ने रोका तो हमला कर दिया

शिकायत के अनुसार, घर की महिलाओं ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के लिए पहुंचीं संतरा देवी भी हमले का शिकार हो गईं। परिजनों का कहना है कि उनके सिर पर वार किया गया। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना में दो महिलाएं और एक युवक घायल हुए हैं।

वर्ष 2024 में उनके नाम हुई थी रजिस्ट्री

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने महिला के गले से मंगलसूत्र और पैरों की पायल भी छीन ली। घटना के समय घर के पुरुष सदस्य बाहर थे। इसका फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि विवादित मकान की रजिस्ट्री वर्ष 2024 में उनके नाम हुई थी और वे लंबे समय से उस पर काबिज हैं। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने बाद में कथित तौर पर दूसरी रजिस्ट्री कराकर कब्जे की कोशिश की।

वीडियो की भी जांच में जुटी पुलिस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग ताला तोड़ते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। अतरौलिया थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।