नाबालिग को गुरुग्राम ले जाकर रेप का आरोप: इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, 4 दिन तक बनाया बंधक

शाहपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग किशोरी को अपने जाल में फंसाकर गुरुग्राम ले जाने, उसके साथ शारीरिक शोषण करने और बाद में पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम निवासी आर्यन निषाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार का आरोप है कि आरोपी अब भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें प्रताड़ित कर रहा है।
पीड़िता के पिता के मुताबिक उनकी 17 वर्षीय बेटी की आरोपी आर्यन निषाद से इंस्टाग्राम पर पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने किशोरी को अपने प्रभाव में ले लिया और बहला-फुसलाकर हरियाणा के धनवापुर स्थित अपने घर ले गया। पिता ने बताया कि 29 जनवरी 2026 को बेटी के लापता होने पर शाहपुर थाने में केस दर्ज कराया गया था। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी। पुलिस ने चार फरवरी को किशोरी को गुरुग्राम स्थित आरोपी के घर से बरामद किया। इसके बाद उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया।
विवेचना पर भी लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि मामले की विवेचना कर रहे अधिकारी ने उनकी बेटी को बयान दर्ज कराते समय प्रभावित किया। उनका कहना है कि विवेचक ने किशोरी से वही बयान अदालत में दोहराने को कहा, जो महिला कांस्टेबल लिख रही थी। पिता का आरोप है कि इस दौरान बेटी के साथ चार दिनों तक हुए कथित शारीरिक शोषण का उल्लेख बयान से हटा दिया गया। उनका कहना है कि इससे आरोपी का मनोबल और बढ़ गया।
बड़ी बेटी की फोटो सोशल मीडिया पर डालने का आरोप
परिवार का आरोप है कि आरोपी ने छोटी बेटी का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर उसका पासवर्ड बदल दिया। इसके बाद वह बड़ी बेटी की आपत्तिजनक तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा करने लगा। इतना ही नहीं, उसने बड़ी बेटी को फोन कर छोटी बहन को मोबाइल चालू करने के लिए दबाव बनाया और ऐसा न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इन घटनाओं के बाद परिवार भय और तनाव में जीवन बिता रहा है।
महिला आयोग और सीएम पोर्टल पर भी शिकायत
पीड़िता के पिता ने मामले की शिकायत एसएसपी, मुख्यमंत्री पोर्टल और राज्य महिला आयोग से भी की है। उनका कहना है कि परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









