बंद कमरे में युवकों की बेरहमी से पिटाई: मारपीट में दोनों गंभीर घायल, पुलिस ने शुरू की जांच

सोनौली कोतवाली क्षेत्र में एक कथित प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बीच बंद कमरे में दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घायल दोनों युवकों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है।
सोनौली कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीनगर टोला बैकुंठपुर में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायल युवकों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। लेकिन पुलिस सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच कर रही है।
पूछताछ में सामने आए नए तथ्य
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित युवती पिछले करीब 15 दिनों से बैकुंठपुर स्थित अपने रिश्तेदारों के घर रह रही थी। बताया जा रहा है कि युवती की मां के कहने पर समरधीरा निवासी दो युवक उसे बुलाने पहुंचे थे। इसी दौरान देर रात किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद कुछ लोगों ने दोनों युवकों की कथित तौर पर जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जांच के बाद की जाएगी कार्रवाई
वायरल वीडियो में कुछ लोग कमरे के भीतर युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, घायल युवक खिड़की और जंगले के सहारे बाहर निकलकर खुद को बचाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, घटनास्थल और दोनों पक्षों के बयान सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









