प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर पिकअप का पंचर बनाने के दौरान भीषण हादसा: अज्ञात वाहन ने चार को रौंदा, चारों की मौत

कौशांबी में प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार आधी रात एक दर्दनाक हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। चारों युवक सड़क किनारे खड़ी चारपाइयों से लदी पिकअप का पंचर बना रहे थे। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने वहां काम कर रहे चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। घटनास्थल पर भारी भीड़ हो गई। स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान चारों युवको की मौत हो गई।
इलाज के दौरान हुई मौत
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस 108 की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख सभी को मेडिकल कालेज मंझनपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान चारों युवकों की मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार बेसुध
मृतकों की पहचान साबिर व अकबर पुत्रगण शरीफ निवासी वार्ड नंबर-10, सराय सिराथू थाना सैनी, अनवर पुत्र स्वर्गीय मुमताज निवासी मूरतगंज थाना संदीपन घाट तथा एहसान पुत्र स्वर्गीय सपातुल्लाह निवासी रसूलपुर थाना कोखराज के रूप में हुई है। एक साथ चार युवकों की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हो रही दुर्घटनाएं
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









