जम्मू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सैनिक कालोनी में 25 लाख की चोरी का पर्दाफाश, दो सगे भाई और एक कबाड़ी को किया गिरफ्तार

सैनिक कालोनी क्षेत्र से पुलिस ने चोरी के कई मामलों का पर्दाफाश किया हैं। जिसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये मूल्य वाली चोरी के वाहन, बिजली का सामान और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में दो पेशेवर चोर और एक कबाड़ी शामिल है। पुलिस के अनुसार छन्नी हिम्मत थाने में सैनिक कालोनी क्षेत्र से एक दुकान से बिजली का सामान चोरी होने तथा एक वाहन चोरी होने की दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। जिसके आधार पर दो अलग अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के लिए विशेष टीम का किया गठन
चोरी की वारदात को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने, तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने तथा क्षेत्र में लगातार पूछताछ के बाद रगूड़ा निवासी सगे भाई मोहम्मद इस्माइल और तालिब हुसैन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदातों में अपने होने की बात स्वीकार की हैं।
भाइयों के बयान पर कबाड़ी किया गिरफ्तार
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नगरोटा निवासी कबाड़ी केशर सिंह को भी गिरफ्तार किया, जिस पर चोरी का सामान खरीदने और बेचने का आरोप है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन इन्वर्टर, आठ बैटरियां, एक गीजर, बिजली की तारों के आठ बंडल सहित अन्य बिजली के उपकरण बरामद किए। इसके अलावा जम्मू जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई दो मारुति ईको वैन, एक मालवाहक आटो और एक स्कूटी भी बरामद की गई।
पुलिस ने जब्त किये औजार
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले कटर, हथौड़े, पेचकस और लोहे की सरिया जैसे औजार भी जब्त किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और चोरी के अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









