आटा, चावल, दाल और मसालों को बारिश में रखें सुरक्षित: सही स्टोरेज के साथ पारंपरिक उपाय है असरदार, किचन की सफाई भी है जरूरी

मानसून का मौसम गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन साथ ही रसोई में रखे राशन के लिए कई चुनौतियां भी लेकर आता है। इस मौसम में हवा में नमी बढ़ जाती है, जिससे आटा, चावल, दाल, चीनी और मसाले जल्दी सीलन पकड़ लेते हैं। अगर इन्हें सही तरीके से स्टोर न किया जाए तो इनमें कीड़े लगने, फफूंद बनने या स्वाद और खुशबू कम होने की संभावना बढ़ जाती है।
अक्सर लोग सोचते हैं कि महंगे एयरटाइट डिब्बे खरीद लेने से समस्या खत्म हो जाएगी, लेकिन सही स्टोरेज के साथ कुछ छोटी-छोटी आदतें अपनाना भी उतना ही जरूरी है। जैसे गीले हाथों से डिब्बे न खोलना, सूखा चम्मच इस्तेमाल करना और समय-समय पर राशन की जांच करना। इससे न केवल खाद्य पदार्थ लंबे समय तक सुरक्षित रहते हैं, बल्कि खाने की गुणवत्ता भी बनी रहती है।
अच्छी गुणवत्ता वाले कंटेनर का यूज करें
आटा, चावल, दाल, चीनी और मसालों को हमेशा सीसे के कंटेनर में रखें। इससे नमी और हवा का प्रवेश कम होता है। इसमें खाने वाली चीजें लंबे समय तक सुरक्षित रहते हैं। सीसे के कंटेनर का उपयोग करने से अंदर की चीजों पर अच्छे से ध्यान दिया जा सकता हैं।
कंटेनर को सूखी और हवादार जगह पर रखें
रसोई में कंटेनर को गैस स्टोव, सिंक या खिड़की के पास रखने से बचें, क्योंकि वहां नमी अधिक हो सकती है। कंटेनर को हमेशा ठंडी, सूखी और हवादार जगह पर रखें। गीले हाथ या गीला चम्मच डिब्बे में डालने से बचना चाहिए।
मसालों को धूप में देर तक रखने से बचें
हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, गरम मसाला और अन्य पिसे मसालों को छोटे-छोटे एयरटाइट डिब्बों में रखें। मसालों को सीधे धूप में लंबे समय तक रखने के बजाय ठंडी और सूखी जगह पर स्टोर करें। साबुत मसाले अक्सर पिसे मसालों की तुलना में अधिक समय तक अपनी गुणवत्ता बनाए रखते हैं।
समय-समय पर होती है धूप की आवश्यकता
अगर आप एक साथ बड़ी मात्रा में राशन खरीदते हैं, तो उसे छोटे-छोटे हिस्सों में अलग-अलग कंटेनर में रखें। समय-समय पर राशन को धूप दिखाने से अतिरिक्त नमी कम करने में मदद मिल सकती है। राशन और मसालों के डिब्बों में तेजपत्ता, सूखी नीम की पत्तियां या साबुत लौंग रखें। यदि किसी खाद्य पदार्थ में कीड़े, बदबू या फफूंद दिखाई दे, तो उसका उपयोग न करें।
चीनी और नमक के ढक्कन बंद करने में बरते सावधानी
चीनी और नमक नमी जल्दी सोख लेते हैं। इन्हें हमेशा अच्छी तरह बंद कंटेनर में रखें और उपयोग के समय सूखा चम्मच ही लें। कंटेनर का ढक्कन हर बार उपयोग के बाद तुरंत बंद कर दें ताकि हवा और नमी अंदर न जा सके।
राशन के साथ किचन की सफाई भी है जरूरी
केवल राशन को सुरक्षित रखना ही काफी नहीं है, बल्कि किचन की अलमारियों और स्टोरेज एरिया की नियमित सफाई भी जरूरी है। पुराने दानों, मसालों या आटे के कण जमा रहने से कीड़े आकर्षित हो सकते हैं। नए राशन को रखने से पहले कंटेनर को अच्छी तरह साफ और पूरी तरह सूखा लें।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









