गोरखपुर में छात्र ने की सर्राफा व्यापारी की हत्या​: बाइक खरीदने के लिए एक लाख रूपये लिया था उधार, तगादे से परेशान होकर रची हत्या की साजिश

उत्तरप्रदेश|10 घंटे पहले
बाइक खरीदने के लिए एक लाख रूपये लिया था उधार, तगादे से परेशान होकर रची हत्या की साजिश

गोरखपुर के बेलीपार में 10वीं के छात्र ने 70 वर्षीय सराफा व्यापारी रामलाल वर्मा की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, छात्र ने कारोबारी से बाइक खरीदने के लिए एक लाख रूपये उधार लिया था। रूपये लौटाने ना पडे़, इसलिए उसने कारोबारी को लिफ्ट देने के बहाने बाइक पर बैठाया और सुनसान जगह ले जाकर चाकू से गोद कर उसकी हत्या कर दी। और शव को राप्ती नदी में फेंक दिया। ग्रामीणों ने शव को उतराता देखा तो पुलिस को सूचना दी।

आरोपी छात्र प्रिंस ने बाइक खरीदने के लिए व्यापारी से 1 लाख रुपये उधार लिए थे, लगातार हो रहे तगादे से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी ने लिफ्ट देने के बहाने व्यापारी को बाइक पर बैठाया और कसिहार बांध के पास ले जाकर चाकू से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस ने 100 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद मुख्य आरोपी छात्र प्रिंस, उसके ममेरे भाई अंशू और एक किशोर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लूटे गए आभूषण और नगदी भी बरामद हुई है।

तीन आरोपी गिरफ्तार एक फरार

एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि बांसगांव क्षेत्र के धस्का भटास के रहने वाले रामलाल वर्मा की कटरा मलांव में सोने-चांदी की दुकान थी। आरोपी प्रिंस से उनका पुराना परिचय था। वह अक्सर रामलाल को बाइक से दुकान तक छोड़ता और घर भी पहुंचाता था, इसलिए परिवार के लोग भी उसे पहचानते थे। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले तो छात्र कारोबारी को बाइक पर बैठाकर ले जाता दिखा। गुरुवार रात 10 बजे पुलिस ने आरोपी छात्र प्रिंस, उसके ममेरे भाई अंशू (18) और एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी अभी फरार है।

लहूलुहान हालत में शव को नदी में फेंका

बुधवार सुबह 9 बजे रामलाल रोज की तरह घर से दुकान के लिए निकले थे। सुबह 10 बजे वह कसिहार ऑटो स्टैंड पहुंचे। यहां आरोपी छात्र पहले से घात लगाकर बैठा था। उसने कारोबारी से कहा कि वह उनकी दुकान की तरफ जा रहा है, इसलिए उन्हें छोड़ देगा। कारोबारी राजी हो गए और बाइक पर बैठ गए। रास्ते में कुछ दूरी पर आरोपी का ममेरा भाई अंशू (18) मिला। प्रिंस ने उसे भी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद दोनों आरोपी कारोबारी को भगवान राम के दर्शन कराने के बहाने कनइल कसिहार बांध के पास स्थित मंदिर ले गए। यहां उन्हें एक किशोर और छात्र का मौसेरा भाई दिव्यांश पांडेय मिला। अंशू ने कारोबारी के दोनों हाथ पीछे से पकड़ लिए। छात्र ने जेब से चाकू निकाला और कारोबारी की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कारोबारी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। थोड़ी देर में उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को नदी में फेंककर बाइक से फरार हो गए।

चाकू से हुई हत्या की पु​ष्टि

पुलिस ने बताया कि शाम करीब 5 बजे ग्रामीणों ने नदी में शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। घटनास्थल से खून के निशान, शराब की बोतलें, पानी की बोतल और मृतक की चप्पल मिली। शिनाख्त होने के बाद दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमॉर्टम किया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चाकू से हत्या की पुष्टि हुई। कारोबारी के बेटे संजय वर्मा ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दी। इसके आधार पर पुलिस ने बुधवार शाम ही अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

खंगाले गए 100 सीसीटीवी कैमरे

संजय ने पुलिस को बताया कि उनके पिता गले में सोने की चेन और हाथ में सोने की अंगूठी पहनते थे। दुकान से घर आते-जाते समय उनके पास सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी रहती थी, जो गायब थी। इसी आधार पर उन्होंने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद घटना के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी टीम को लगाया गया। पुलिस ने कौड़ीराम से कसिहार तक लगे 100 CCTV कैमरे खंगाले। फुटेज में बुधवार सुबह 10:40 बजे रामलाल दो युवकों के साथ बाइक पर जाते दिखाई दिए। वह बाइक पर बीच में बैठे थे। इसी आधार पर पुलिस ने गुरुवार शाम संदिग्धों की पहचान कर तलाश शुरू कर दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अंशू कक्षा 9 में पढ़ता है। अंशू और प्रिंस पढ़ाई के साथ कपड़े की दुकान पर भी काम करते हैं। अब पुलिस प्रिंस के मौसेरे भाई दिव्यांश पांडेय की तलाश कर रही हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।