गोरखपुर को मिला पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर: सीएम योगी ने किया लोकार्पण, रफ्तार पकड़ेगा ट्रैफिक

शहर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फीता काटकर लोकार्पण किया। सुबह 11 बजे आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने फ्लाईओवर के शिलापट्ट के पास खड़े होकर तस्वीर भी खिंचवाई। इसके साथ ही उन्होंने करीब 995 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह के बाद मुख्यमंत्री की जनसभा देवरिया बाईपास स्थित सिक्सलेन फ्लाईओवर के समीप आयोजित हुई। टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर गोरखपुर की प्रमुख आधारभूत परियोजनाओं में शामिल है। इसके शुरू होने से लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, बिहार, महराजगंज और नेपाल की ओर आने-जाने वाले वाहनों को बेहतर कनेक्टिविटी और यातायात में बड़ी राहत मिलेगी।

अपडेट्स
आस्था और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे और अराजकता आम बात थी। होली, दशहरा, रामनवमी जैसे पर्वों पर तनाव की स्थिति रहती थी और कांवड़ यात्रा तथा जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजनों में भी बाधाएं उत्पन्न की जाती थीं। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले आस्था पर प्रहार करते थे, वही आज खुद को सबसे बड़ा आस्थावान बताने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण का विरोध करने वाले और रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों का आज धार्मिक मुद्दों पर उपदेश देना हास्यास्पद लगता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव डबल इंजन सरकार और सभी के सामूहिक प्रयासों से संभव हुआ है।
सैफई सिंडिकेट पर किया हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में सैफई सिंडिकेट का कब्जा रहता था। लेकिन अब बिना किसी भेदभाव के युवाओं का चयन हो रहा है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर सहित प्रदेश के हर जिले के युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने युवाओं के साथ भेदभाव किया। इससे उनके भविष्य और पहचान पर संकट खड़ा हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने इन समस्याओं का समाधान किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। इसके अलावा सवा तीन करोड़ युवाओं और कारीगरों ने स्वरोजगार शुरू किया तथा 65 लाख युवाओं को विभिन्न उद्यमों में रोजगार प्राप्त हुआ।
गोरखपुर के विकास और निवेश का किया जिक्र
सीएम ने कहा कि यदि गोरखपुर में विकास नहीं हुआ होता तो आज लोग यहां जमीन खरीदने या मकान बनाने में रुचि नहीं लेते। उन्होंने कहा कि अब गोरखपुर लोगों की पहली पसंद बन चुका है और निवेश का माहौल तैयार हुआ है। सुरक्षा और बेहतर आधारभूत ढांचे के कारण निवेश बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केवल गीडा क्षेत्र में ही लगभग 50 हजार लोगों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच बसपा, सपा और कांग्रेस के गठबंधन के कार्यकाल में प्रदेश की 29 चीनी मिलें बंद हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि 21 चीनी मिलों को औने-पौने दाम पर बेच दिया गया। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पड़रौना चीनी मिल को करीब पौने दो करोड़ रुपये में बेच दिया गया, जबकि उसकी जमीन की कीमत लगभग 200 करोड़ रुपये थी और स्क्रैप का मूल्य भी दो करोड़ रुपये से अधिक हो सकता था। उन्होंने कहा कि इससे बड़ी संख्या में युवाओं के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
कार्यक्रम स्थल पर उमड़ी भीड़



अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









