गोरखपुर में कोर्ट के आदेश पर 7 पर केस: जेठ पर जमीन हड़पने-मारपीट का आरोप, पीड़िता का तोड़ा हाथ

गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद गांव में संपत्ति विवाद को लेकर महिला के साथ मारपीट और उत्पीड़न का मामला कोर्ट तक पहुंच गया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। पीड़िता का आरोप है कि उसका जेठ झाड़-फूंक का काम करता है और उसी के प्रभाव में परिवार के लोगों ने उसकी हिस्से की जमीन पर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। इससे उसका हाथ टूट गया। वहीं, बेटे का पैर टूट गया और अन्य दो बच्चे भी घायल हो गए। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जंगल अयोध्या प्रसाद गांव के मलमलिया टोला निवासी रीमा देवी ने तहरीर में बताया कि उसके पति महेंद्र तीन भाई हैं। आरोप है कि दोनों जेठ राममिलन और रामअचल ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसके हिस्से की जमीन पर कब्जा कर लिया। रीमा का कहना है कि बड़ा जेठ राममिलन झाड़-फूंक का काम करता है और गांव में अंधविश्वास फैलाकर विवाद करता है। उसने आरोप लगाया कि राममिलन ने दूसरे भाई को भी अपने प्रभाव में कर लिया है और दोनों मिलकर उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित करते हैं।
थाने से लौटते समय किया हमला
पीड़िता के अनुसार, अप्रैल में जमीन विवाद को लेकर शिकायत देने के बाद जब वह थाने से लौट रही थी, तभी घर के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि सात लोगों ने लाठी, डंडे, रॉड तथा लात-घूंसों से मारपीट की, सड़क पर घसीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए। शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे उसके बेटे और बेटी को भी पीट दिया गया।
चार लोग घायल
रीमा का आरोप है कि जान बचाकर घर पहुंचने के बाद भी आरोपी घर में घुस आए और तोड़फोड़ की। पड़ोसियों के पहुंचने पर वे धमकी देते हुए भाग निकले। घटना में इलाज के दौरान रीमा का हाथ तथा छोटे बेटे सत्यम का पैर टूटा मिला। वहीं, बड़ा बेटा विनोद और बेटी सोनम भी घायल हुए।
शिकायतों के बाद भी केस दर्ज नहीं
महिला का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया और जनसुनवाई पोर्टल पर भी गलत रिपोर्ट लगाकर अधिकारियों को गुमराह किया गया। इसके बाद मामला न्यायालय पहुंचा। कोर्ट के आदेश पर गुलरिहा पुलिस ने राममिलन, रामअचल, तेज प्रताप, कमलेशमती देवी, राजू, आनंद और अर्जुन समेत सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पाल ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









