लखनऊ के किसान पथ पर भीषण सड़क हादसा: रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर ने ट्राला में मारी टक्कर, दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त

लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में किसान पथ (आउटर रिंग रोड) पर गुरूवार की सुबह करीब 4 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रहे ट्रॉला में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रॉला का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और दोनों चालकों को सिर्फ मामूली चोटें आईं।
यह घटना खुशहालगंज के पास गुरुवार तड़के करीब 4 बजे हुई। बताया गया कि डंपर गलत दिशा में आ रही थी। उसने ट्रॉला में टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक निर्मल निवासी कानपुर और ट्राला चालक दोनों मौके से फरार हो गये। दोनों वाहनों के सड़क के बीच में फंसने के कारण आउटर रिंग रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीर घंटों परेशान रहे।
जेसीबी और हाइड्रा मशीनों से हटाए गए वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी। डायल 112 और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम ने जेसीबी और हाइड्रा मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल, इस हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं हुई है। दोनों फरार वाहन चालकों को मामूली चोट लगने की बात सामने आई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









