हरारे में आज भारत-जिम्बाब्वे की टक्कर: अय्यर की पहली जीत पर नजर, सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद

अय्यर की पहली जीत पर नजर, सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला का पहला मुकाबला आज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा। कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए यह मुकाबला खास होगा, क्योंकि उनकी कप्तानी में टीम इंडिया अब तक एक भी टी-20 मैच नहीं जीत सकी है। इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर टीम ने सात में से छह मुकाबले गंवाए। वहीं, एक मैच बेनतीजा रहा था। ऐसे में भारतीय टीम जीत के साथ नए अभियान की शुरुआत करना चाहेगी।

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड दौरे पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और तीन मैचों में केवल 42 रन बना पाए। हालांकि हरारे का मैदान उनके लिए खास रहा है। उन्होंने इसी मैदान पर अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 80 गेंदों में 175 रन की यादगार पारी खेली थी। ऐसे में टीम को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। इस साल भारत के लिए सबसे ज्यादा रन ईशान किशन ने बनाए हैं। उन्होंने 20 मैचों में 667 रन बनाए हैं। अभिषेक शर्मा भी बल्लेबाजी में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

तेज गेंदबाजी दोनों टीमों की ताकत

भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में इस साल शिवम दुबे सबसे सफल रहे हैं। उन्होंने 13 विकेट लिए हैं, जबकि युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव से भी टीम को उम्मीदें होंगी। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की सबसे बड़ी ताकत उसका पेस अटैक है। ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा और ब्रैड इवांस की तिकड़ी विपक्षी बल्लेबाजों के लिए चुनौती बनेगी। मुजरबानी इस वर्ष 17 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं। बल्लेबाजी में ब्रायन बेनेट ने नौ मैचों में 394 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है।

पिच बल्लेबाजों के अनुकूल

हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच आमतौर पर बल्लेबाजी के लिए मददगार मानी जाती है, हालांकि नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती सहायता मिल सकती है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है और तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। भारत का लक्ष्य जीत के साथ श्रृंखला में बढ़त हासिल करना होगा, जबकि जिम्बाब्वे घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।