ओडिशा में तालाब में गिरी कार: पांच दोस्तों की हुई मौत, दो ने दरवाजा तोड़ बचाई जान

53 मिनट पहले
पांच दोस्तों की हुई मौत, दो ने दरवाजा तोड़ बचाई जान

ओडिशा के अनुगुल जिले में शादी समारोह से लौट रहे सात दोस्तों की कार सड़क किनारे गहरे तालाब में गिर जाने से पांच युवकों की डूबकर मौत हो गई। हादसा ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव के पास हुआ। कार में सवार दो युवक किसी तरह दरवाजा तोड़कर बाहर निकलने और तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मोटांगा थाना क्षेत्र के बंगुरासिंह गांव के सात युवक इंदिपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात सभी कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान छतिया गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में जा गिरी। रात का समय होने के कारण काफी देर तक किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी। कार के पानी में डूबते ही उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। इस दौरान बबलू और शिबू ने साहस दिखाते हुए कार का दरवाजा तोड़ा और तैरकर बाहर निकल आए। दोनों ने ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।

पांच युवकों की नहीं बच सकी जान

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकलवाया और उसमें फंसे पांच युवकों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान चालक चंद्रकांत स्वाईं, अबिनाश साहू, राकेश साहू, श्रीराम साहू और अभिजीत साहू के रूप में हुई है। सभी की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

गांव में पसरा मातम

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। एक साथ पांच युवकों की मौत की खबर से बंगुरासिंह गांव में मातम पसर गया। जिला अस्पताल में भी परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन रहा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।