गोरखपुर में राप्ती नदी में मिली सराफा कारोबारी की बॉडी: गले पर कट का निशान, मौके पर मिलीं शराब की बोतलें

उत्तरप्रदेश|51 मिनट पहले
गले पर कट का निशान, मौके पर मिलीं शराब की बोतलें

बेलीपार थाना क्षेत्र में राप्ती नदी से सराफा कारोबारी का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के गले पर कट का निशान मिलने और घटनास्थल से खून के निशान, शराब की खाली बोतलें तथा चप्पल बरामद होने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

मलाव निवासी 70 वर्षीय रामलाल वर्मा कौड़ीराम में परिवार के साथ रहते थे और मलाव चौराहे पर सराफा की दुकान संचालित करते थे। उनके बड़े बेटे संजय भी सराफा कारोबार से जुड़े हैं, जबकि अन्य बेटे जितेंद्र और अजय अलग-अलग व्यवसाय करते हैं। परिजनों के मुताबिक, रामलाल रोज की तरह घर से दुकान के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक दुकान नहीं पहुंचे। इसी बीच शाम करीब पांच बजे कनइल-कसिहार बंधे के पास राप्ती नदी में उनका शव उतराता मिला। सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।

घटनास्थल से मिले अहम सुराग

पुलिस के अनुसार, गाय चराने गए ग्रामीणों ने सबसे पहले नदी में बॉडी देखी और इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बॉडी बाहर निकलवाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान बंधे पर खून के निशान, शराब की खाली बोतलें, पानी की बोतल और मृतक की चप्पल बरामद हुई। मृतक ने धोती-कुर्ता पहन रखा था। उनके गले के पास कट का निशान भी मिला, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।

मामले की जांच कर रही पुलिस

एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले के जल्द खुलासे की मांग की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।