गोरखपुर में जनता दर्शन में सीएम का सख्त संदेश: अवैध कब्जे पर होगी कड़ी कार्रवाई, 200 लोगों की सुनी फरियाद

उत्तरप्रदेश|3 घंटे पहले
अवैध कब्जे पर होगी कड़ी कार्रवाई, 200 लोगों की सुनी फरियाद

तीन दिवसीय गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हर फरियादी की समस्या का निष्पक्ष और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जनता दर्शन में जमीन विवाद, उपचार के लिए आर्थिक सहायता, पारिवारिक विवाद और अन्य मामलों से जुड़े आवेदन बड़ी संख्या में पहुंचे।

सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर गोरखनाथ मंदिर पहुंचने लगे थे। सुरक्षा जांच के बाद उन्हें महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर बैठाया गया। एडीजी जोन, मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम, एसएसपी और मुख्यमंत्री के ओएसडी सहित वरिष्ठ अधिकारी पहले से मौजूद थे। सुबह करीब 7:30 बजे मुख्यमंत्री वहां पहुंचे और स्वयं लोगों के बीच जाकर एक-एक आवेदन लिया। उन्होंने फरियादियों से उनके जिले और समस्या की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इलाज, जमीन और पारिवारिक विवाद के मामले पहुंचे

जनता दर्शन में कई महिलाओं ने परिजनों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक चिकित्सीय इस्टीमेट तैयार कराकर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एक युवती ने अपने परिजन के इलाज के लिए पीजीआई लखनऊ में बेड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा। इसी दौरान एक महिला ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे घर में नहीं रहने दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पहले दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जाए और यदि बात नहीं बने तो महिला को उसके अधिकार के अनुसार घर में कब्जा दिलाया जाए। एक अन्य महिला ने अपने दो बेटों को गलत तरीके से जेल भेजे जाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि वे निर्दोष हैं तो उन्हें न्याय मिलेगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

बच्चों को दिया स्नेह

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ आए बच्चों से भी आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को दुलार किया और उन्हें चॉकलेट वितरित की। इस दौरान कई परिवारों ने मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की सराहना की।

गोशाला में गायों को खिलाया गुड़ और रोटी

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर की गोशाला भी पहुंचे। वहां उन्होंने गायों को अपने हाथों से गुड़ और रोटी खिलाई तथा उन्हें सहलाकर स्नेह जताया। मुख्यमंत्री को देखते ही गोशाला की गायें उनके पास आ गईं और उनके हाथों से गुड़-रोटी खाती नजर आईं। इसके बाद मुख्यमंत्री जनता दर्शन में पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।