कानपुर में खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो: दो बच्चों समेत तीन की मौत, गैस कटर से काटकर निकाले गए घायल

उत्तरप्रदेश|6 घंटे पहले
दो बच्चों समेत तीन की मौत, गैस कटर से काटकर निकाले गए घायल

कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सर्विस लेन में खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के भीतर फंस गए। पुलिस ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

हादसा सोमवार सुबह करीब छह बजे हुआ। पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे। वाहन की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक बताई जा रही है। टक्कर के बाद वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसकी छत तक अलग हो गई। अंदर फंसे लोग काफी देर तक मदद के लिए पुकारते रहे। मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को पहले कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से गंभीर हालत में सभी को हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे में नौ घायल

हादसे में स्कॉर्पियो चालक हरियाणा के सिरसा जिले के डिग बड्डी निवासी बजरंग (45), बिहार निवासी 11 वर्षीय दिलकुश कुमार और एक अज्ञात बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नरेश मांझी, सावित्री देवी, स्नेहा, वकील यादव, रिया, अनीशा कुमारी, कविता कुमारी, हिमांशु और केसर भारती गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का हैलेट अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हरियाणा से बिहार और झारखंड जा रहे थे यात्री

पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार लोग हरियाणा के सिरसा से बिहार और झारखंड लौट रहे थे। झारखंड के चतरा जिले के वकील यादव अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। वहीं बिहार के गया जिले के नरेश मंडल भी अपने परिवार के साथ उसी वाहन में सवार थे। दोनों परिवारों ने यात्रा के लिए एक ही स्कॉर्पियो बुक की थी। वाहन को हरियाणा निवासी चालक बजरंग और उसका पुत्र हिमांशु चला रहे थे।

13 किलोमीटर दूर ट्रक चालक को पकड़ा

जानकारी के मुताबिक हादसे के समय ट्रक सर्विस लेन में खड़ा था। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। पुलिस ने पीछा करते हुए करीब 13 किलोमीटर दूर तिवारीपुर ओवरब्रिज के पास उसे पकड़ लिया। चालक आदर्श सिंह, जो मिर्जापुर का निवासी है। उसने पुलिस को बताया कि वह ट्रक सर्विस लेन में खड़ा कर आराम कर रहा था। इसी दौरान पीछे से स्कॉर्पियो आकर ट्रक से टकरा गई। घटना के बाद घबराकर वह वहां से निकल गया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।