गोरखपुर में युवती से मारपीट मामले में पुलिस पर गिरी गाज: SHO और चौकी प्रभारी लाइन हाजिर, तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

उत्तरप्रदेश|8 घंटे पहले
SHO और चौकी प्रभारी लाइन हाजिर, तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

शाहपुर क्षेत्र में युवती के साथ खुलेआम मारपीट और अभद्रता की घटना में पुलिसकर्मियों की निष्क्रियता सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर शाहपुर थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह और कौवाबाग चौकी प्रभारी दुर्गेश नंदिनी को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, मौके पर मौजूद पीआरवी के दो सिपाहियों राज मंगल सिंह, अविनाश यादव और उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। होमगार्ड हरिचरन राय के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। इसके साथ ही निरीक्षक जितेंद्र सिंह को शाहपुर थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं। मुख्य आरोपी मोहनापुर निवासी राज निषाद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, छेड़खानी, मारपीट, धमकी समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा आठ अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उनकी भूमिका की जांच जारी है।

सड़क पर युवती के साथ मारपीट का आरोप

घटना नौ जुलाई की शाम करीब साढ़े छह बजे शाहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे हॉस्पिटल के पास हुई। आरोप है कि काली स्कॉर्पियो से पहुंचे युवकों ने 24 वर्षीय युवती के बाल पकड़कर उसकी पिटाई की, कपड़े फाड़ने का प्रयास किया और उसके साथ अभद्रता करते हुए गलत तरीके से छुआ। युवती का कहना है कि वह लगातार मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे।

मामूली टक्कर के बाद बढ़ा विवाद

पीड़िता के अनुसार वह अपने बीमार पिता का इलाज कराने कार से रेलवे हॉस्पिटल जा रही थी। इसी दौरान उसकी कार की एक बाइक से टक्कर हो गई। इसके बाद बाइक सवार ने उससे माफी मांगने का दबाव बनाया। लेकिन युवती ने गलती अपनी न मानते हुए इनकार कर दिया। विवाद बढ़ने पर बाइक सवार ने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में स्कॉर्पियो से पहुंचे युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के साथ कार में तोड़फोड़ की गई, शीशा तोड़ा गया और जाते समय रेप और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

वीडियो सामने आने के बाद तेज हुई कार्रवाई

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें कुछ युवक युवती के साथ मारपीट करते और उसकी कार को नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कई पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद नजर आते हैं, जबकि युवती का बीमार पिता कुछ दूरी पर खड़ा दिखाई देता है। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और पुलिस प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस का पक्ष

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि युवती की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है। उनकी पहचान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।