अभिषेक बनर्जी के आगमन से पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर हंगामा: भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प, टीएमसी के तीन बैंक खाते भी ब्लॉक

5 घंटे पहले
भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प, टीएमसी के तीन बैंक खाते भी ब्लॉक

पश्चिम बंगाल की राजनीति में दो बड़े घटनाक्रमों के कारण चर्चा में रहा। एक ओर कोलकाता एयरपोर्ट पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। वहीं, दूसरी ओर टीएमसी से जुड़े तीन बैंक खातों को ब्लॉक किए जाने की कार्रवाई ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी। एयरपोर्ट पर हुई घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक महिला के बेहोश होने की भी सूचना है।

जानकारी के अनुसार टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी दिल्ली से कोलकाता लौट रहे थे। वह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात के बाद राजधानी लौट रहे थे। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में टीएमसी कार्यकर्ता कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान भाजपा और टीएमसी समर्थकों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गया।

इससे पहले 31 मई को भी हुआ था हमला

टीएमसी समर्थकों का आरोप है कि भाजपा से जुड़े कुछ लोग एयरपोर्ट परिसर में पहुंचे। कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी करने लगे। उनका दावा है कि कुछ लोगों के हाथों में अंडे थे और बाद में उन्होंने हथियार भी निकाले। समर्थकों ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि कड़ी निगरानी के बावजूद कथित रूप से हथियार एयरपोर्ट परिसर तक कैसे पहुंचे। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 31 मई को दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दक्षिण क्षेत्र में भी अभिषेक बनर्जी के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई थी। उस समय वह चुनाव के बाद हिंसा प्रभावित टीएमसी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे।

440 करोड़ रुपये पर रोक

इधर, टीएमसी को एक और बड़ा झटका लगा। एचडीएफसी बैंक में संचालित पार्टी से जुड़े तीन खातों को ब्लॉक कर दिया गया। जिन खातों पर रोक लगाई गई है, उनमें कुल लगभग 440 करोड़ रुपये जमा बताए जा रहे हैं। इनमें करीब 260 करोड़ रुपये अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के खाते में और लगभग 180 करोड़ रुपये त्रिपुरा और गोवा इकाइयों से संबंधित खातों में जमा हैं। सूत्रों के अनुसार बिधाननगर पुलिस ने संबंधित बैंक को इन खातों से धन निकासी और अन्य वित्तीय लेन-देन रोकने का निर्देश दिया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई दक्षिण 24 परगना के जयनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और टीएमसी नेता विश्वनाथ की शिकायत के आधार पर की गई है।

अंदरूनी विवाद बना कार्रवाई की वजह

इस घटनाक्रम से एक दिन पहले, 18 जून को पार्टी के कोषाध्यक्ष अरूप बिस्वास ने बैंक प्रबंधन को पत्र लिखकर पार्टी के खातों पर रोक लगाने की मांग की थी। उन्होंने पत्र में कहा था कि पार्टी के भीतर विभिन्न गुट स्वयं को अधिकृत नेतृत्व और वैध पदाधिकारी बता रहे हैं। इससे संगठनात्मक अधिकारों को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इसी पृष्ठभूमि में खातों के संचालन को लेकर विवाद गहराया और मामला बैंकिंग स्तर तक पहुंच गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।