हिमाचल में अनियंत्रित वाहन खाई में गिरा: सात लोगों की दर्दनाक मौत, मुंडन संस्कार से लौट रहे थे लोग

3 घंटे पहले
सात लोगों की दर्दनाक मौत, मुंडन संस्कार से लौट रहे थे लोग

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। पुखरी क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के समीप एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इससे उसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। सभी मृतक ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव के निवासी थे। एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महल गांव के कई लोग पंचायत के काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग वाहन से वापस अपने गांव लौट रहे थे। देर रात जब वाहन छतरूंड के समीप पहुंचा, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से नीचे सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने संभाला राहत अभियान

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद ग्रामीण खाई में उतरे और बॉडी और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। बाद में पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत दल की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क किनारे पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध और क्रैश बैरियर नहीं लगे हैं। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होती तो इस बड़ी दुर्घटना की गंभीरता कम हो सकती थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। राहत एवं बचाव कार्य के साथ-साथ मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन भी हादसे से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।