लैंडमाइन ब्लास्ट में जेसीओ समेत चार जवान घायल: रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान हुआ हादसा, अलर्ट पर सेना

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट मंगलवार को एक लैंडमाइन विस्फोट में भारतीय सेना के एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) समेत चार जवान घायल हो गए। घटना के बाद सेना और सुरक्षा एजेंसियों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। घायलों को तत्काल सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार सभी जवान खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा नौशेरा सेक्टर के अग्रिम क्षेत्र कलाल में हुआ। सेना की एक टुकड़ी नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान एक बारूदी सुरंग अचानक सक्रिय हो गई और जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की चपेट में आने से एक जेसीओ सहित चार सैनिक घायल हो गए। विस्फोट की आवाज सुनते ही आसपास तैनात सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
बारिश और भूस्खलन से बदल जाती है लैंडमाइंस की स्थिति
सैन्य अधिकारियों ने बताया कि सीमा पार से घुसपैठ रोकने के लिए अग्रिम क्षेत्रों में कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत लैंडमाइंस बिछाई जाती हैं। हालांकि भारी बारिश, मिट्टी खिसकने और प्राकृतिक बदलावों के कारण कई बार ये बारूदी सुरंगें अपनी निर्धारित जगह से हटकर अन्य क्षेत्रों में पहुंच जाती हैं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि जवानों का पैर ऐसी ही किसी खिसकी हुई लैंडमाइन पर पड़ गया। इससे यह हादसा हुआ।
सर्च ऑपरेशन में तेजी
घटना के बाद सेना ने पूरे इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। संदिग्ध क्षेत्रों की दोबारा जांच की जा रही है। इससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। सेना ने कहा है कि सुरक्षा मानकों के तहत पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









