पेरिस पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी: भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत, यूरोपीय दौरे का अंतिम चरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने छह दिवसीय यूरोपीय दौरे के अंतिम चरण में पेरिस पहुंचे। जहां भारतीय मूल के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। होटल पहुंचने पर बड़ी संख्या में मौजूद प्रवासी भारतीयों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उनसे हाथ मिलाया और बच्चों से विशेष रूप से मुलाकात कर स्नेह जताया। प्रधानमंत्री आज यूरोप के प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी एवं नवाचार सम्मेलन ‘विवाटेक 2026’ में भाग लेंगे। जहां फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
पेरिस में आयोजित होने वाला विवाटेक 2026 यूरोप का सबसे बड़ा तकनीकी और नवाचार सम्मेलन माना जाता है। इस मंच पर दुनिया भर की अग्रणी टेक्नोलॉजी कंपनियां, स्टार्टअप्स, निवेशक और विशेषज्ञ भविष्य की तकनीकों पर विचार-विमर्श करते हैं। सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर सुरक्षा, डिजिटल नवाचार, हरित प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स और उभरती तकनीकों जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस बार भारत ने भी अपना राष्ट्रीय मंडप (इंडिया पैवेलियन) स्थापित किया है। जहां भारतीय स्टार्टअप्स, नवाचारों और तकनीकी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का इस सम्मेलन में शामिल होना भारत की वैश्विक तकनीकी भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
G7 सम्मेलन में मोदी-ट्रम्प की अहम मुलाकात
पेरिस पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित 52वें G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। सम्मेलन के दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ लगभग 18 मिनट की द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस मुलाकात को भारत-अमेरिका संबंधों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चर्चा के दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
ट्रम्प ने मोदी नेतृत्व की सराहना की
बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी भारत का नेतृत्व कर रहे हैं, तब तक भारत वैश्विक स्तर पर हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा। ट्रम्प ने यह भी कहा कि उनके राष्ट्रपति रहते व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री मोदी का हमेशा एक अच्छा मित्र मौजूद रहेगा। उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत बताते हुए भरोसा जताया कि दोनों देशों के बीच सहयोग भविष्य में और व्यापक होगा।
समुद्री सुरक्षा और भारतीय नागरिकों का मुद्दा उठा
वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों में भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विशेष रूप से होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा से जुड़े किसी भी समझौते में भारतीय नागरिकों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विवाटेक 2026 में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा 13 जून को फ्रांस के नीस शहर से शुरू हुआ था। इसके बाद उन्होंने स्लोवाकिया की यात्रा की और फिर G7 सम्मेलन में भाग लेने के लिए एवियन पहुंचे। अब पेरिस में विवाटेक 2026 में भागीदारी के साथ उनका छह दिवसीय यूरोपीय दौरा संपन्न होगा। इस यात्रा को भारत की कूटनीतिक, आर्थिक और तकनीकी साझेदारियों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









