रेलवे ट्रैक पर मिला पिता-पुत्र का शव: खरीदारी कर लौट रहे थे घर, तीन महीने पहले ही बड़े बेटे की हुई थी मौत

गौरीबाजार क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पिता और पुत्र के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार अभी तीन महीने पहले बड़े बेटे की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के दर्द से उबर भी नहीं पाया था कि एक और बड़ी त्रासदी ने उसे झकझोर कर रख दिया।
मृतकों की पहचान गौरीबाजार कस्बे के उद्योग नगर वार्ड नंबर-2 निवासी 60 वर्षीय श्रवण जायसवाल और उनके 28 वर्षीय पुत्र राकेश जायसवाल के रूप में हुई है। श्रवण जायसवाल स्थानीय स्तर पर रेडीमेड कपड़ों का व्यवसाय करते थे। रामलक्षन चौराहे पर उनकी दुकान थी। परिजनों के अनुसार दुकान बंद करने के बाद वह अपने बेटे राकेश के साथ बाइक से चौरीचौरा कपड़ों की खरीदारी के लिए गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे दोनों की परिजनों से फोन पर बातचीत भी हुई थी। उन्होंने बताया था कि खरीदारी पूरी कर वे घर लौट रहे हैं। इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए और उनसे संपर्क नहीं हो सका।
मौके पर पहुंचा परिवार
रात में पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि गौरीबाजार क्षेत्र में बुजुर्ग पेट्रोल पंप के समीप रेलवे ट्रैक पर दो शव पड़े मिले हैं। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने शवों की पहचान श्रवण जायसवाल और राकेश जायसवाल के रूप में की। दोनों के शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े थे। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उनकी बाइक, कपड़ों से भरा झोला, पर्स और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों किसी रेल हादसे का शिकार हुए या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है।
सड़क हादसे में बड़े बेटे की हो गई थी मौत
जायसवाल परिवार पर यह दूसरी बड़ी त्रासदी है। श्रवण जायसवाल के बड़े बेटे श्वेतांक उर्फ रवि जायसवाल की सात मार्च को गौरीबाजार-देवरिया मार्ग पर कटाई के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह भी परिवार के कपड़ों के कारोबार से जुड़े हुए थे। बड़े बेटे की असमय मौत से परिवार अभी उबर नहीं पाया था कि अब पिता और छोटे बेटे की एक साथ मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
क्षेत्र में शोक की लहर
लगातार हुई इन दुखद घटनाओं के बाद परिवार लगभग बिखर गया है। अब परिवार में श्रवण जायसवाल की वृद्ध मां गुड्डी देवी और पुत्री पूजा ही बची हैं। घटना की जानकारी मिलते ही घर पर लोगों का तांता लग गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। लोग इस दुखद घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









