टिनशेड में बेहोश मिली 9 महीने की मासूम: घर से 500 मीटर दूर ग्रामीणों ने खेत में देखा, हालत गंभीर

गुलरिहा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक नौ माह की मासूम बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में घर से करीब 500 मीटर दूर खेत के पास बने टिनशेड में बेहोशी की हालत में मिली। बच्ची की स्थिति देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार बच्ची शुक्रवार रात अपने घर में परिवार के साथ सो रही थी। देर रात करीब दो बजे जब मां की नींद खुली तो बच्ची बिस्तर पर नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन रातभर कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने घर से कुछ दूरी पर स्थित टिनशेड में बच्ची को बेहोशी की हालत में देखा। सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
रातभर तलाश के बाद सुबह मिली बच्ची
मासूम की मां ने बताया कि रात करीब दो बजे बच्ची के गायब होने की जानकारी हुई थी। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने पूरी रात उसकी खोजबीन की। लेकिन सफलता नहीं मिली। सुबह खेत के पास बच्ची मिलने की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ गंभीर घटना हुई है। फिलहाल बच्ची का मेडिकल इलाज जारी है। चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस कर रही पड़ताल
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही बच्ची घर से इतनी दूर कैसे पहुंची? रात के दौरान उसके साथ क्या हुआ? इसकी जानकारी जुटाने के लिए आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
गुलरिहा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पाल ने बताया कि बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। फिलहाल मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए साक्ष्य जुटाने और तथ्यों की पुष्टि करने का काम किया जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









