ताजमहल पहुंचीं ट्रम्प की बेटी टिफनी: पति के साथ किया भ्रमण, गाइड से जाना शिल्पकला का इतिहास

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी ट्रम्प शनिवार को अपने पति माइकल बॉउलोस के साथ विश्व प्रसिद्ध ताजमहल के दीदार के लिए आगरा पहुंचीं। उन्होंने करीब एक घंटे तक ताजमहल परिसर में समय बिताया। उन्होंने स्मारक की स्थापत्य कला, संगमरमर की नक्काशी और ऐतिहासिक महत्व को करीब से जाना। टिफनी ने ताजमहल की भव्यता और शिल्पकला में विशेष रुचि दिखाई। गाइड से इसके निर्माण और उपयोग की गई सामग्री को लेकर कई सवाल भी किए।
ताजमहल भ्रमण के दौरान टिफनी ट्रम्प ने अधिकृत गाइड रमेश दीवान से स्मारक में प्रयुक्त संगमरमर और कीमती पत्थरों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि ताजमहल में इस्तेमाल किया गया संगमरमर कहां से लाया गया। इसकी बारीक नक्काशी किस प्रकार की गई। गाइड ने बताया कि ताजमहल के निर्माण में उपयोग हुआ संगमरमर भारत का ही है। जबकि जड़ाऊ नक्काशी में प्रयुक्त कई कीमती पत्थर अफ्रीका, यमन सहित अन्य देशों से मंगाए गए थे। इस जानकारी को टिफनी ने काफी दिलचस्पी के साथ सुना।
डायना बेंच पर खिंचवाईं यादगार तस्वीरें
भ्रमण के दौरान टिफनी और माइकल ताजमहल परिसर स्थित प्रसिद्ध डायना बेंच तक पहुंचे। जहां दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर कई तस्वीरें खिंचवाईं। उन्होंने अलग-अलग अंदाज में फोटोशूट कराया। अपने स्टाफ के साथ ग्रुप पिक्चर भी लिए। इस दौरान टिफनी नारंगी रंग की आकर्षक लॉन्ग ड्रेस में नजर आईं। माइकल कैजुअल टी-शर्ट और ट्राउजर में दिखाई दिए। दोनों ने धूप से बचाव के लिए सनग्लासेस भी पहन रखे थे।
एयरपोर्ट से सीधे पहुंचे ताजमहल
टिफनी ट्रम्प का चार्टर्ड विमान सुबह करीब साढ़े 11 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर उतरा। विशेष बात यह रही कि एयरपोर्ट से उनका काफिला सीधे ताजमहल पहुंचा। वहां से गोल्फ कार्ट के माध्यम से उन्होंने स्मारक परिसर में प्रवेश किया। इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर मौजूद लोगों का अभिवादन भी किया। उनके साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे।
ट्रम्प परिवार का ताजमहल से पुराना जुड़ाव
ताजमहल भ्रमण के बाद टिफनी और माइकल शहर के एक लक्जरी होटल के लिए रवाना हो गए। जहां से ताजमहल का सीधा दृश्य दिखाई देता है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपनी पत्नी मेलानिया ट्रम्प, बेटी इवांका ट्रम्प और दामाद जेरेड कुशनर के साथ ताजमहल का दौरा कर चुके हैं। करीब छह वर्ष बाद ट्रम्प परिवार का एक और सदस्य ताजनगरी पहुंचा है। जिसने इस ऐतिहासिक धरोहर की वैश्विक लोकप्रियता को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
अपडेट्स
तस्वीरों में देखें टिफनी ट्रम्प की लाइफस्टाइल और पुरानी यादें







अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









