पुणे में जहरीली शराब से 15 मौतें: मेथेनॉल मिलने की आशंका, आठ आरोपी अरेस्ट

महाराष्ट्र के पुणे शहर में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को हिला कर रख दिया है। पिछले 24 घंटे के भीतर शहर और आसपास के इलाकों में 15 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतकों ने अवैध रूप से तैयार की गई जहरीली शराब का सेवन किया था। जिसमें मेथेनॉल जैसी खतरनाक रासायनिक सामग्री मिलाई गई हो सकती है।
घटनाएं हडपसर, फुगेवाड़ी, दापोडी और पिंपरी क्षेत्रों में सामने आई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तत्काल उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं पुलिस और राज्य आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अब तक आठ लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में एक अवैध शराब कारोबारी भी शामिल बताया जा रहा है।
अवैध शराब कारोबार पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने आरोप लगाया है। प्रतिबंधित हाथ भट्टी की शराब खुलेआम बेची जा रही थी। प्रशासन इस पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करने में विफल रहा है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इलाके में अवैध शराब का कारोबार सक्रिय था। जिम्मेदार विभागों ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। घटना के बाद प्रशासनिक लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सीनियर लीडर्स और पूर्व महापौर योगेश बहल ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाई जाती तो इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान नहीं जाती।
मेथेनॉल से मौत की आशंका
जांच एजेंसियों को आशंका है कि शराब में मेथेनॉल मिलाया गया था। मेथेनॉल एक जहरीला रसायन होता है। जिसका सेवन शरीर के लिए बेहद घातक साबित हो सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, इसके सेवन से चक्कर आना, उल्टी, आंखों की रोशनी प्रभावित होना और कुछ ही समय में मौत तक हो सकती है। सूत्रों के अनुसार कई मृतकों ने मौत से पहले तेज चक्कर आने और तबीयत बिगड़ने की शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रशासन ने शराब के नमूने जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की व्यापक जांच
पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस का कहना है कि अब तक हुई सभी मौतों को सीधे जहरीली शराब से जोड़ना जल्दबाजी होगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पांच लोगों की मौत अलग-अलग कारणों से भी हो सकती है। सभी मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने यह स्वीकार किया है कि कई मृतकों में जहरीली शराब सेवन जैसे लक्षण पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग इलाके में अवैध शराब के नेटवर्क को खंगालने में जुटे हैं। संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। कई लोगों से पूछताछ जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है। वे अवैध शराब के सेवन से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









