आतंकी साजिश पर NIA का बड़ा एक्शन: राजस्थान समेत चार राज्यों में छापेमारी, गैंगस्टर कनेक्शन जांचने में जुटी एजेंसियां

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शुक्रवार को राजस्थान समेत देश के चार राज्यों में बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया है। केंद्रीय एजेंसी की टीमों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र में कुल 12 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है। यह कार्रवाई पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क और गैंगस्टर मॉड्यूल के खिलाफ की गई है। जिस पर भारत में बड़े आतंकी हमलों और विस्फोटों की साजिश रचने का आरोप है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों के निशाने पर पाकिस्तान स्थित ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी का नेटवर्क है। एजेंसियों को इनपुट मिले थे कि यह मॉड्यूल सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार, गोला-बारूद और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस भारत भेजने की साजिश में सक्रिय था।
राजस्थान में अजमेर और नीमराना में दबिश
राजस्थान में एनआईए की टीमों ने अजमेर और नीमराना (बहरोड़-कोटपूतली) क्षेत्र में छापेमारी की है। केंद्रीय एजेंसी ने स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से संदिग्ध ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया है। कार्रवाई के दौरान कई लोगों से पूछताछ की गई है। जबकि बड़ी संख्या में दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसियां मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े डेटा की फोरेंसिक जांच करा रही हैं। माना जा रहा है कि इन डिजिटल सबूतों से आतंकी नेटवर्क की गतिविधियों और फंडिंग चैनल को लेकर अहम सुराग मिल सकते हैं।
ड्रोन के जरिए हथियार भेजने की साजिश
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान स्थित नेटवर्क भारत-पाक सीमा के जरिए ड्रोन के माध्यम से हथियार और विस्फोटक सामग्री भेजने की तैयारी कर रहा था। एजेंसियों को आशंका है कि इन हथियारों और IED का इस्तेमाल पंजाब, दिल्ली और अन्य बड़े शहरों में आतंकी हमलों के लिए किया जाना था। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि देश के भीतर मौजूद स्थानीय नेटवर्क इन आतंकी मॉड्यूल को किस प्रकार लॉजिस्टिक सपोर्ट और आर्थिक मदद पहुंचा रहे थे।
चार राज्यों में एक साथ कार्रवाई
एनआईए की टीमों ने उत्तर प्रदेश में पांच, राजस्थान में दो, बिहार में दो और महाराष्ट्र में तीन ठिकानों पर छापेमारी की है। एजेंसी पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। जांच के दायरे में हवाला फंडिंग, गैंगस्टर नेटवर्क और सोशल मीडिया के जरिए संपर्क बनाए जाने के एंगल भी शामिल किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े लोगों और उनके आर्थिक नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है। एजेंसियों को शक है कि आतंकी गतिविधियों के लिए विदेश से फंडिंग और तकनीकी सहायता मुहैया कराई जा रही थी।
जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
एनआईए अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से देश विरोधी गतिविधियों में शामिल एक बड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश हो सकता है। एजेंसी फिलहाल जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक डेटा और दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में कई अहम इनपुट मिले हैं। आने वाले दिनों में एजेंसी इस पूरे नेटवर्क को लेकर बड़ा खुलासा कर सकती है। सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी भी बढ़ा दी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









