आईपीएल में लखनऊ वर्सेज कोलकाता: इकाना में भिड़ंत आज, हेड-टु-हेड में एलएसजी का दबदबा

आईपीएल 2026 में आज डबल हेडर मुकाबले खेले जा रहे हैं। दिन का दूसरा मैच एलएसजी और केकेआर के बीच होगा। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे इकाना में खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम है क्योंकि पॉइंट्स टेबल में दोनों निचले पायदान पर हैं और प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए जीत जरूरी है।
इस सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले तीन अप्रैल को खेले गए मुकाबले में लखनऊ ने कोलकाता को तीन विकेट से हराया था। उस जीत ने टीम को शुरुआती बढ़त दी थी। अब कोलकाता उस हार का बदला लेना चाहेगी। फिलहाल लखनऊ सात में से दो जीत के साथ 9वें स्थान पर है। वहीं कोलकाता की हालत और खराब है। टीम को सात मैचों में सिर्फ एक जीत मिली है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला “करो या मरो” जैसा हो गया है।
लखनऊ का पलड़ा भारी
अगर पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें तो लखनऊ सुपर जायंट्स का दबदबा साफ दिखता है। दोनों टीमों के बीच अब तक सात मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से पांच मैच लखनऊ ने जीते हैं जबकि कोलकाता सिर्फ दो मुकाबले जीत सकी है। यह आंकड़ा लखनऊ को मनोवैज्ञानिक बढ़त देता है। हालांकि, क्रिकेट में हर दिन नया होता है और कोलकाता के पास वापसी का मौका है।
लखनऊ की ताकत: मार्श और प्रिंस का प्रदर्शन
लखनऊ की बल्लेबाजी में मिचेल मार्श इस सीजन में सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने सात मैचों में 210 रन बनाए हैं और स्ट्राइक रेट भी शानदार है। टीम के कप्तान रिषभ पंत पर भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। उनके साथ निकोलस पूरन और मारक्रम जैसे खिलाड़ी मैच का रुख बदल सकते हैं। गेंदबाजी में प्रिंस यादव सबसे सफल रहे हैं। उन्होंने सात मैचों में 13 विकेट लिए हैं। उनके अलावा मोहम्मद शामी और मोहसिन खान से भी टीम को उम्मीद रहेगी।
कोलकाता की उम्मीद: युवा और ऑलराउंडर्स पर भरोसा
कोलकाता नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी में रघुवंशी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 200 रन बनाए हैं और दो अर्धशतक भी लगाए हैं। कप्तान रहाणे को भी बड़ी पारी खेलनी होगी। टीम में सुनील नरेन और रिंकू सिंह जैसे मैच विनर मौजूद हैं। गेंदबाजी में कार्तिक त्यागी ने आठ विकेट लिए हैं। वहीं वरुण और अनुकूल राय स्पिन में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
पिच रिपोर्ट: स्पिनर्स को मिलेगी मदद
इकाना स्टेडियम की पिच आमतौर पर स्लो रहती है। यहां स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है। बल्लेबाजों के लिए बड़े शॉट खेलना आसान नहीं होता। अब तक यहां 25 IPL मैच खेले गए हैं। 10 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं जबकि 14 मैच चेज करने वाली टीम के नाम रहे हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है। यहां का हाईएस्ट स्कोर कोलकाता के नाम है जिसने 2024 में 235 रन बनाए थे। वहीं सबसे कम स्कोर लखनऊ के नाम दर्ज है जब टीम 108 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
संभावित टीम
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। लखनऊ की टीम बैलेंस्ड नजर आती है, जबकि कोलकाता को सही कॉम्बिनेशन की तलाश है। इस मैच का फोकस लखनऊ की बैटिंग और कोलकाता की स्पिन गेंदबाजी पर रहेगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










