सूर्यवंशी के शतक पर भारी पड़े अभिषेक-ईशान: रॉयल्स को 5 विकेट से हराया, एसआरएच की लगातार चौथी जीत

आईपीएल 2026 में एक और हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला, जहां एसआरएच ने आरआर को पांच विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। जयपुर में खेले गए इस मैच में रन बरसात की तरह गिरे। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 228 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया लेकिन हैदराबाद ने इसे 18.3 ओवर में ही हासिल कर लिया। इस जीत के साथ हैदराबाद ने सीजन में लगातार चौथी जीत दर्ज कर अपनी फॉर्म का दम दिखाया।
राजस्थान की ओर से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शतक जड़ा। उन्होंने मैदान पर आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। सूर्यवंशी ने महज 16 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़ दिया। उन्होंने जुरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 112 रन की बड़ी साझेदारी की। जुरेल ने भी 51 रन की अहम पारी खेली। हालांकि, अन्य बल्लेबाजों से ज्यादा सहयोग नहीं मिला। रियान पराग एक बार फिर फ्लॉप रहे और सिर्फ सात रन बनाकर आउट हो गए।
राजस्थान का स्कोर: 250 से रह गया 228 पर
राजस्थान की टीम एक समय 250 के पार जाती नजर आ रही थी। लेकिन आखिरी 5 ओवर में टीम की रन गति धीमी हो गई। इस दौरान सिर्फ 44 रन ही बने। अंत में फरेरा ने 16 गेंदों पर 33 रन बनाकर स्कोर को 228 तक पहुंचाया। हालांकि, यह स्कोर भी कम नहीं था और मैच में मजबूत स्थिति मानी जा रही थी।
हैदराबाद की शुरुआत और फिर मैच पर कब्जा
229 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत खराब रही। आर्चर ने हेड को जल्दी आउट कर दिया। इसके बाद अभिषेक और ईशान किशन ने मैच का रुख बदल दिया। दोनों के बीच 132 रन की शानदार साझेदारी हुई। अभिषेक ने 29 गेंदों पर 57 रन बनाए। यह उनका लगातार तीसरा 50+ स्कोर रहा। ईशान किशन ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों पर 74 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 11 बाउंड्री और तीन सिक्स शामिल रहे।
मिडिल ऑर्डर की फिनिशिंग
जब अभिषेक और ईशान आउट हुए तब भी टीम मजबूत स्थिति में थी। इसके बाद नीतीश कुमार रेड्डी और क्लासेन ने जिम्मेदारी संभाली। रेड्डी ने 36 रन बनाए जबकि क्लासेन ने 29 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों ने बिना दबाव लिए लक्ष्य को करीब पहुंचाया और टीम को जीत दिलाई।
राजस्थान की कमजोर गेंदबाजी
राजस्थान की गेंदबाजी इस मैच में असरदार नहीं दिखी। आर्चर और बर्गर ने दो-दो विकेट लिए लेकिन बाकी गेंदबाज रन रोकने में नाकाम रहे। इतने बड़े स्कोर के बावजूद गेंदबाज दबाव नहीं बना सके। यही हार की बड़ी वजह बनी। इस जीत के साथ एसआरएच ने लगातार चौथी जीत दर्ज की। टीम का आत्मविश्वास अब काफी ऊंचा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










