ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 65 रन से हराया: लिचफील्ड और पेरी की दमदार बल्लेबाजी, गेंदबाजों ने भी दिखाया दम

फीबी लिचफील्ड की तूफानी अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 65 रन से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 16.4 ओवर में 107 रन पर सिमट गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बेथ मूनी और जॉर्जिया वोल सस्ते में पवेलियन लौट गईं। शुरुआती झटकों के बाद फीबी लिचफील्ड ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने केवल 24 गेंदों में 50 रन की शानदार पारी खेली और एलिस पेरी के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। पेरी ने भी 36 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके अलावा जॉर्जिया वेयरहैम ने 32 और एनाबेल सदरलैंड ने 21 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अयाबोंगा खाका, ननकुलुलेको म्लाबा और नादिन डी क्लर्क ने दो-दो विकेट हासिल किए।
दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी रही फ्लॉप
173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 44 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया। लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। नादिन डी क्लर्क ने 25 और मैरिजैन कैप ने 12 रन बनाए। वहीं अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जॉर्जिया वेयरहैम ने तीन विकेट झटके। जबकि कप्तान सोफी मोलिनक्स और अलाना किंग ने दो-दो विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका की पारी को समेट दिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने अपनी मजबूत दावेदारी भी पेश कर दी।











