एलिस के कहर से ऑस्ट्रेलिया की वापसी: पाकिस्तान को 41 रन से रौंदा, पांच जून को होगा महामुकाबला

15 घंटे पहले
पाकिस्तान को 41 रन से रौंदा, पांच जून को होगा महामुकाबला

ऑस्ट्रेलिया ने गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में पाकिस्तान को 41 रन से पराजित कर दिया। जीत के साथ तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में शानदार वापसी की है। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। अब खिताबी फैसला तीसरे एवं अंतिम मुकाबले में होगा। ऑस्ट्रेलिया की जीत के नायक तेज गेंदबाज नाथन एलिस रहे। जिन्होंने सटीक लाइन-लेंथ और प्रभावी गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 33 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। पाकिस्तान के लिए शादाब खान ने संघर्षपूर्ण 71 रन की पारी खेली। उनकी कोशिश टीम को हार से नहीं बचा सकी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत उम्मीद के अनुरूप नहीं रही। शुरुआती झटकों के कारण टीम दबाव में आ गई। हालांकि मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी संभालते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। निर्धारित 50 ओवरों में ऑस्ट्रेलिया ने 231 रन बनाए। जो पिच की परिस्थितियों को देखते हुए चुनौतीपूर्ण स्कोर साबित हुआ।

इंग्लिस और ग्रीन ने संभाली पारी

ऑस्ट्रेलिया ने महज 51 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। जिसके बाद जोश इंग्लिस और कैमरन ग्रीन ने पारी को स्थिरता प्रदान की। दोनों बल्लेबाजों ने संयमित खेल दिखाते हुए चौथे विकेट के लिए 51 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इंग्लिस ने 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं ग्रीन ने 50 रन बनाकर टीम को संकट से बाहर निकाला। इसके बाद मैट रेनशॉ ने 43 रन और ओलिवर पीक ने तेजतर्रार अंदाज में 32 गेंदों पर 31 रन बनाकर स्कोर को आगे बढ़ाया। निचले क्रम के बल्लेबाजों के योगदान से ऑस्ट्रेलिया 231 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।

गर्मी बनी खिलाड़ियों के लिए चुनौती

मुकाबले के दौरान लाहौर की भीषण गर्मी और उमस ने खिलाड़ियों की परीक्षा ली। पाकिस्तान के विकेटकीपर गाजी गोरी को शारीरिक परेशानी के कारण सात ओवर के लिए मैदान छोड़कर ड्रेसिंग रूम लौटना पड़ा। उनकी अनुपस्थिति में रोहेल नजीर ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। वापसी के बाद भी गोरी पूरी तरह सहज नहीं दिखे। कई अतिरिक्त रन भी टीम को गंवाने पड़े। मौसम की कठिन परिस्थितियों का असर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

एलिस के सामने बिखरी पाकिस्तान की बल्लेबाजी

232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने नई गेंद से जबरदस्त दबाव बनाया। शुरुआती 12 ओवरों के भीतर पाकिस्तान के पांच प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। स्कोरबोर्ड पर केवल 58 रन थे और टीम गंभीर संकट में पहुंच चुकी थी। बाबर आजम सहित कई प्रमुख बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इस कठिन परिस्थिति में शादाब खान ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अराफात मिन्हास के साथ छठे विकेट के लिए 59 रन जोड़कर टीम की उम्मीदों को जिंदा रखा। शादाब ने शारीरिक असुविधा के बावजूद धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी की और 104 गेंदों पर 71 रन बनाए। हालांकि दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। जिससे पाकिस्तान दबाव से बाहर नहीं निकल सका। नाथन एलिस ने हारिस रऊफ को बोल्ड कर पाकिस्तान की अंतिम उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया। इसके बाद शादाब भी तनवीर संघा की गेंद पर स्टंप आउट हो गए। पूरी टीम 44 ओवर में 190 रन पर सिमट गई।

निर्णायक मुकाबले पर टिकी निगाहें

पहला मुकाबला पाकिस्तान और दूसरा ऑस्ट्रेलिया के नाम रहने के बाद अब तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच तीसरा और निर्णायक मुकाबला पांच जून को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस मुकाबले पर टिकी हैं। जहां दोनों टीमें सीरीज जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।