21 साल बाद बांग्लादेश की ऐतिहासिक जीत: ऑस्ट्रेलिया को 86 रन से दी मात, सीरीज में बनाई बढ़त

बांग्लादेश ने मीरपुर में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ-लुईस नियम के तहत 86 रन से हराकर इतिहास रच दिया। यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बांग्लादेश की वनडे क्रिकेट में केवल दूसरी जीत है। इससे पहले बांग्लादेश ने वर्ष 2005 में पहली बार कंगारू टीम को वनडे में हराया था। 21 साल बाद मिली इस जीत ने मेजबान टीम को तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त दिला दी है।
मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 284 रन बनाए। टीम की ओर से चार साल बाद वनडे क्रिकेट में वापसी कर रहे मोसाद्देक हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 गेंदों पर नाबाद 86 रन बनाए। उनकी पारी में सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 67 रन जबकि तंजीद हसन ने 54 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
बारिश और खराब रोशनी बनी ऑस्ट्रेलिया की राह में बाधा
285 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर मैथ्यू शॉर्ट आउट हो गए। जबकि मार्नस लाबुशेन एक बार फिर सस्ते में पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में कूपर कॉनोली, एलेक्स कैरी और कप्तान जोश इंग्लिस ने संघर्ष जरूर किया। लेकिन टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। 42.2 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 191 रन पर नौ विकेट था, तभी तेज बारिश और बिजली कड़कने के कारण खेल रोकना पड़ा। मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और डीएलएस नियम के तहत बांग्लादेश को 86 रन से विजेता घोषित किया गया।
नाहिद राणा की रफ्तार बनी जीत की कुंजी
बांग्लादेश की जीत में युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने लगातार 140 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए 41 रन देकर चार विकेट झटके। अपने दूसरे स्पेल में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। वहीं मोसाद्देक हुसैन ने बल्ले के बाद गेंद से भी योगदान देते हुए दो विकेट हासिल किए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कैमरून ग्रीन ने नाबाद 52 रन बनाए। लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। नाथन एलिस ने गेंदबाजी में तीन विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया। लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
15 साल बाद द्विपक्षीय वनडे सीरीज
दोनों देशों के बीच 15 साल बाद कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेली जा रही है। पहले मुकाबले में जीत के साथ बांग्लादेश ने सीरीज में मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल कर ली है। अब सीरीज के शेष दो मुकाबले भी मीरपुर में खेले जाएंगे। जहां ऑस्ट्रेलिया वापसी की कोशिश करेगा। जबकि बांग्लादेश ऐतिहासिक सीरीज जीत की ओर कदम बढ़ाना चाहेगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









