चेन्नई की चुनौती के सामने हैदराबाद की 'युवा शक्ति': ऋतुराज का फॉर्म चिंता का विषय, आयुष कर सकते है पारी की शुरुआत

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में शनिवार को एक रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है, जहां पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का सामना उभरती हुई सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। इस मुकाबले में सबकी नजरें हैदराबाद के दो युवा तेज गेंदबाजों प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन पर टिकी होंगी। जिन्होंने अपनी रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से लीग में सनसनी मचा दी है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने इस सीजन में एक साहसिक फैसला लेते हुए अनुभवी हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट की जगह युवा प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन को मौका दिया। इस जोड़ी ने पिछले मैचों में न केवल विकेट चटकाए बल्कि विपक्षी बल्लेबाजों को बांधे रखा।
हैदराबाद की टीम अब तक मुख्य रूप से अपने विस्फोटक बल्लेबाजी क्रम- अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन पर निर्भर थी। लेकिन इन दो तेज गेंदबाजों के आने से टीम का संतुलन काफी बेहतर हुआ है। हैदराबाद प्रबंधन को उम्मीद है कि यह जोड़ी चेन्नई के खिलाफ भी वही "राजस्थान वाला चमत्कार" दोहराएगी, जिसने उनकी गेंदबाजी को नई धार दी है।
गायकवाड़ की खराब फॉर्म और संजू की वापसी
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे बड़ी चिंता उनके कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की फॉर्म है। इस सत्र के पांच मैचों में गायकवाड़ का उच्चतम स्कोर मात्र 28 रन रहा है। हिंगे और हुसैन की जोड़ी गायकवाड़ की इस कमजोरी का फायदा उठाकर पावरप्ले में उन पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी।
हालांकि, सीएसके के लिए राहत की खबर संजू सैमसन का फॉर्म में लौटना है। टी20 विश्व कप से ठीक पहले संजू ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद शतक जड़कर और कोलकाता के खिलाफ 48 रनों की पारी खेलकर यह साबित कर दिया है कि वे बड़ी पारियों के लिए तैयार हैं।
CSK के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव के संकेत
गायकवाड़ की विफलता को देखते हुए सीएसके प्रबंधन कुछ कड़े फैसले ले सकता है। चर्चा है कि गायकवाड़ खुद को मध्यक्रम में शिफ्ट कर सकते हैं, ताकि टीम को मजबूती मिल सके। उनकी जगह युवा आयुष म्हात्रे को पारी की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है। आयुष ने अपनी पिछली चार पारियों में दो अर्धशतक लगाकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 और स्क्वाड
सनराइजर्स हैदराबाद
ईशान किशन (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, लियाम लिविंगस्टोन, कमिंदु मेंडिस, जयदेव उनादकट और जीशान अंसारी।
चेन्नई सुपर किंग्स
रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, नूर अहमद, राहुल चाहर, मैथ्यू शॉर्ट, सरफराज खान, मैट हेनरी और मुकेश चौधरी।











