विजडन अवॉर्ड्स 2026; दीप्ति शर्मा बनीं सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर : स्टार्क टॉप पुरुष खिलाड़ी, ‘क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर’ में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा

क्रिकेट जगत की सबसे प्रतिष्ठित पत्रिका विजडन क्रिकेटर्स अल्मानैक के 163वें संस्करण में इस साल भारतीय खिलाड़ियों का जबरदस्त दबदबा देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को ‘लीडिंग पुरुष क्रिकेटर’ जबकि भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को ‘लीडिंग महिला क्रिकेटर’ चुना गया।
इस बार विजडन की प्रतिष्ठित सूची ‘फाइव क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर’ में भारत के चार खिलाड़ियों ने जगह बनाई। इसमें टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल, ऑलराउंडर रवींद्र जाडेजा, विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों ने इंग्लैंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ रही टेस्ट सीरीज में अहम भूमिका निभाई थी।

गिल का जलवा: एजबेस्टन में ऐतिहासिक पारी
शुभमन गिल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए विजडन ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। उन्होंने एजबेस्टन टेस्ट में 430 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर भारत को यादगार जीत दिलाई।
टी-20 में अभिषेक शर्मा का दबदबा
भारतीय युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को साल का सर्वश्रेष्ठ टी-20 खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने कैलेंडर ईयर में 1000 से अधिक रन बनाए और दो रन प्रति गेंद से ज्यादा की विस्फोटक स्ट्राइक रेट बनाए रखी।

स्टार्क का कहर: 55 विकेट और रिकॉर्ड प्रदर्शन
मिचेल स्टार्क ने 2025 में 11 टेस्ट मैचों में 55 विकेट लेकर अपना दबदबा कायम रखा। वेस्टइंडीज के खिलाफ 6/9 का करियर बेस्ट प्रदर्शन और एशेज सीरीज में कुल 31 विकेट उनके शानदार फॉर्म की गवाही देते हैं।
दीप्ति का ऑलराउंड प्रदर्शन बना जीत की कुंजी
दीप्ति शर्मा ने भारत की वर्ल्ड कप जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। पूरे टूर्नामेंट में 215 रन और 22 विकेट लेने के साथ उन्होंने फाइनल में 58 रन और 5/39 विकेट लेकर मैच जिताया।
दिग्गज अंपायर डिकी बर्ड को दी श्रद्धांजलि
विजडन के इस संस्करण में महान अंपायर डिकी बर्ड को श्रद्धांजलि दी गई, जिनका 92 वर्ष की उम्र में निधन हुआ। उनकी निष्पक्ष अंपायरिंग और खास अंदाज को क्रिकेट जगत ने याद किया।
1864 से जारी है विजडन की परंपरा
विजडन क्रिकेटर्स अल्मानैक की शुरुआत 1864 में जान विजडन ने की थी। यह आज भी क्रिकेट की सबसे विश्वसनीय और विस्तृत रेफरेंस बुक मानी जाती है, जिसमें रिकॉर्ड्स, स्कोरकार्ड और साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन शामिल होता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










