दिल्ली ने पंजाब से छीनी जीत: डेविड मिलर और आशुतोष शर्मा बने जीत के हीरो, पंजाब की लगातार चौथी हार

12 मई 2026
डेविड मिलर और आशुतोष शर्मा बने जीत के हीरो, पंजाब की लगातार चौथी हार

धर्मशाला का एचपीसीए स्टेडियम सोमवार रात रोमांच से भर गया। मुकाबला पूरी तरह पंजाब किंग्स के नियंत्रण में दिख रहा था। फिर डेविड मिलर और आशुतोष शर्मा ने कहानी बदल दी। दोनों बल्लेबाजों ने तूफानी अंदाज में रन बरसाए। दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी ओवरों में मैच छीन लिया। टीम ने सात विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल किया। पंजाब को तीन विकेट से हार झेलनी पड़ी। इसी हार के साथ पंजाब नंबर-1 बनने से चूक गया। यह टीम की लगातार चौथी हार रही।

पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर आखिर तक डटे रहे। उन्होंने नाबाद 59 रन बनाए। युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्याने विस्फोटक अर्धशतक जमाया। जवाब में दिल्ली ने 19 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। डेविड मिलर और आशुतोष शर्मा जीत के सबसे बड़े हीरो बने।

पावरप्ले में बिखरी दिल्ली

दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम शुरुआत में दबाव में दिखी। दूसरे ओवर में अभिषेक पोरेल बोल्ड हो गए। उन्होंने केवल पांच रन बनाए। इसके बाद केएल राहुल भी जल्दी लौट गए। अर्शदीप सिंह की गेंद पर शानदार कैच पकड़ा गया। राहुल सिर्फ नौ रन बना सके। साहिल परख भी ज्यादा देर नहीं टिके। वह 13 रन बनाकर आउट हुए। छह ओवर बाद दिल्ली का स्कोर 47 रन था। टीम तीन विकेट गंवा चुकी थी। पंजाब पूरी तरह मुकाबले में हावी दिख रहा था।

रनआउट ने बढ़ाई दिल्ली की मुश्किल

अक्षर पटेल और ट्रिस्टन स्टब्स संभलकर बल्लेबाजी कर रहे थे। दोनों के बीच साझेदारी बनती नजर आई। तभी एक गलतफहमी भारी पड़ गई। कूपर कोनोली की सीधी थ्रो ने स्टब्स को रनआउट कर दिया। स्टब्स ने 12 रन बनाए। दिल्ली फिर दबाव में आ गई।

अक्षर और मिलर ने बदला मैच

स्टब्स के आउट होने के बाद डेविड मिलर मैदान पर आए। इसके बाद मैच का रंग बदलने लगा। अक्षर पटेल ने आक्रामक बल्लेबाजी शुरू की। मिलर भी बड़े शॉट्स खेलते रहे। दोनों बल्लेबाजों ने पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। चौके और छक्कों की बारिश होने लगी। अक्षर ने 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने आठ चौके और दो छक्के लगाए। वह 56 रन बनाकर आउट हुए। दोनों बल्लेबाजों के बीच 64 रन की साझेदारी हुई। इसी साझेदारी ने दिल्ली को मुकाबले में लौटाया।

मिलर ने बढ़ाईं उम्मीदें

अक्षर के आउट होने के बाद जिम्मेदारी मिलर पर आ गई। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने शानदार अंदाज दिखाया। उन्होंने 28 गेंदों में 51 रन ठोके। उनकी पारी में चार छक्के शामिल रहे। मिलर ने 17वें ओवर में अर्धशतक पूरा किया। अगली ही गेंद पर उनका विकेट गिर गया। प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन कैच पकड़ा। उस समय दिल्ली को जीत के लिए 18 गेंदों में 36 रन चाहिए थे। मैच फिर फंसता नजर आने लगा।

आशुतोष ने पलट दिया मुकाबला

आशुतोष शर्मा ने आते ही हमला बोल दिया। उन्होंने 18वें ओवर में चौका और छक्का लगाया। इसी ओवर में माधव तिवारी ने भी लंबा सिक्स जड़ा। मार्कस स्टोइनिस के ओवर में कुल 19 रन आए। यहीं से मैच दिल्ली की तरफ झुक गया। आखिरी दो ओवर में दिल्ली को 17 रन चाहिए थे। आशुतोष लगातार बड़े शॉट्स लगाते रहे। उन्होंने केवल 10 गेंदों में 24 रन बनाए। उनकी पारी में दो चौके और दो छक्के शामिल रहे। वह 19वें ओवर में आउट हुए। तब दिल्ली को जीत के लिए छह रन चाहिए थे। इसके बाद आकिब नबी ने छक्का जड़ मुकाबला खत्म कर दिया। दिल्ली ने यादगार जीत दर्ज कर ली।

प्रियांश ने उड़ाए दिल्ली के होश

इससे पहले पंजाब की शुरुआत विस्फोटक रही। प्रियांश आर्या ने आते ही हमला शुरू कर दिया। मिचेल स्टार्क के पहले ओवर में ही दो छक्के लगे। पंजाब ने पहले ओवर में 22 रन बटोरे। दूसरे ओवर में भी प्रियांश नहीं रुके। लगातार बड़े शॉट्स लगते रहे। लुंगी एंगिडी भी महंगे साबित हुए। प्रियांश ने उनकी लगातार गेंदों पर छक्के जड़ दिए। केवल 16 गेंदों में वह 40 रन तक पहुंच गए। दिल्ली के गेंदबाज पूरी तरह बेबस दिखे। प्रियांश ने केवल 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 33 गेंदों में 56 रन बनाए। उनकी पारी में छह छक्के शामिल रहे। प्रभसिमरन ने भी अच्छी शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े।

श्रेयस ने संभाली पारी

प्रभसिमरन के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर मैदान पर आए। उन्होंने शुरुआत से आक्रामक अंदाज अपनाया। लगातार चौके लगाकर रनगति बनाए रखी। दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। फिर भी श्रेयस डटे रहे। कूपर कोनोली ने भी तेज 39 रन बनाए। हालांकि आखिरी ओवरों में पंजाब ज्यादा तेजी नहीं पकड़ सका। मार्कस स्टोइनिस केवल एक रन बना सके। शशांक सिंह खाता भी नहीं खोल पाए। आखिर में सूर्यांश ने तेज रन जोड़े। उन्होंने आठ गेंदों में नाबाद 21 रन बनाए। पंजाब ने पांच विकेट खोकर 210 रन बनाए। लेकिन यह स्कोर भी जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रहा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।