रबाडा-होल्डर के तूफान में उड़ी हैदराबाद, गुजरात बनी नंबर-1: 82 रन की धमाकेदार जीत, अहमदाबाद में गेंदबाजों ने मचाया कहर

गुजरात टाइटंस ने अहम मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की। टीम ने एसआरएच को 82 रन से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात पूरी तरह हावी रही। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम पूरी तरह बिखर गई। टीम सिर्फ 86 रन पर ऑलआउट हो गई। हैदराबाद की पूरी पारी 14.5 ओवर में खत्म हो गई। इस जीत के साथ गुजरात अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई। टीम के अब 12 मैचों में 16 अंक हो गए हैं। वहीं हैदराबाद तीसरे नंबर पर खिसक गई।
हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। पहला ओवर मेडन गया। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने चौथी गेंद पर ट्रेविस हेड को आउट किया। इसके बाद कगिसो रबाडा ने हमला बोल दिया। अभिषेक शर्मा ने उनकी पहली गेंद पर छक्का लगाया। लेकिन अगली ही गेंदों में रबाडा ने वापसी कर दी। उन्होंने अभिषेक को बोल्ड कर बड़ा झटका दिया। इसके बाद ईशान किशन भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। रबाडा ने उन्हें विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। यहां हैदराबाद का स्कोर सिर्फ 23 रन था। रबाडा ने स्मरण को आउट कर चौथा विकेट भी गिरा दिया। पावरप्ले खत्म होते-होते हैदराबाद पूरी तरह दबाव में आ चुकी थी। टीम ने छह ओवर में सिर्फ 34 रन बनाए। चार बड़े विकेट भी गंवा दिए।
होल्डर ने मिडिल ऑर्डर तोड़ दिया
मिडिल ऑर्डर में होल्डर ने कहर बरपाया। उन्होंने आते ही मैच का रुख बदल दिया। पहले हेनरिक क्लासेन को आउट किया। फिर अगली ही गेंदों में नीतीश रेड्डी को पवेलियन भेज दिया। क्लासेन 14 रन ही बना सके। रेड्डी सिर्फ दो रन बना पाए। होल्डर यहीं नहीं रुके। उन्होंने शिवांग कुमार को भी चलता कर दिया। हैदराबाद लगातार विकेट गंवाती रही। कप्तान पैट कमिंस ने थोड़ी कोशिश जरूर की। उन्होंने दो छक्के और एक चौका लगाया। लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने उनकी पारी खत्म कर दी। अंत में राशिद खान ने आखिरी विकेट लिया। हैदराबाद की पूरी टीम 86 रन पर सिमट गई।

सुदर्शन और सुंदर ने बचाई गुजरात की इज्जत
इससे पहले गुजरात की शुरुआत भी खराब रही थी। पिच बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं थी। गेंद लगातार रुककर आ रही थी। ऐसे मुश्किल समय में साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर ने जिम्मेदारी संभाली। सई सुदर्शन ने धैर्य भरी पारी खेली। उन्होंने 44 गेंदों पर 61 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं सुंदर ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 33 गेंदों में 50 रन बनाए। सुंदर ने सात चौके और एक छक्का लगाया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए अहम साझेदारी की। इसी साझेदारी ने गुजरात को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
गुजरात की शुरुआत रही बेहद धीमी
कप्तान शुभमन गिल बड़ी पारी नहीं खेल सके। वह सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जास बटलरभी सात रन बनाकर चलते बने। पावरप्ले में गुजरात ने सिर्फ 34 रन बनाए। यह इस सीजन का उसका सबसे कम पावरप्ले स्कोर रहा। निशांत सिंधू ने जरूर कुछ आक्रामक शॉट लगाए। उन्होंने 14 गेंदों पर 22 रन बनाए। लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके।
कमिंस और हिंगे ने डाला दबाव
हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। युवा गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन ओवर में सिर्फ 17 रन दिए। साथ ही दो विकेट भी लिए। कमिंस भी काफी किफायती रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 20 रन दिए। एक विकेट भी हासिल किया। हालांकि अंत में गुजरात के बल्लेबाज मैच बदल चुके थे। 168 रन का स्कोर हैदराबाद के लिए पहाड़ साबित हुआ। गुजरात के गेंदबाजों ने फिर बाकी काम पूरा कर दिया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










