इक्वाडोर ने किया बड़ा उलटफेर: जर्मनी की 11 मैचों की जीत का सिलसिला टूटा, कई टीमें नॉकआउट में पहुंचीं

1 घंटा पहले
जर्मनी की 11 मैचों की जीत का सिलसिला टूटा, कई टीमें नॉकआउट में पहुंचीं

फुटबॉल विश्व कप में शुक्रवार का दिन बड़े उलटफेर और रोमांचक मुकाबलों के नाम रहा। ग्रुप-ई में विश्व रैंकिंग में 24वें स्थान पर मौजूद इक्वाडोर ने चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया। इस जीत के साथ इक्वाडोर ने 2006 के बाद पहली बार नॉकआउट चरण में जगह बनाई। वहीं, जर्मनी की लगातार 11 मैचों की जीत का सिलसिला भी समाप्त हो गया। दूसरी ओर आइवरी कोस्ट ने पहली बार अंतिम-32 में प्रवेश किया। वहीं जापान, स्वीडन और नीदरलैंड्स ने भी अगले दौर का टिकट पक्का कर लिया।

मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जर्मनी ने दूसरे ही मिनट में लेरॉय साने के गोल से शानदार शुरुआत की। फ्लोरियन विर्ट्ज के सटीक पास पर साने ने गेंद को नेट में पहुंचाकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि इक्वाडोर ने जल्द ही वापसी करते हुए नौवें मिनट में स्कोर बराबर कर दिया। मिडफील्ड में गेंद छीनने के बाद पेड्रो वीटे ने निल्सन अंगुलो को पास दिया। इन्होंने बॉक्स के बाहर से शानदार शॉट लगाकर गोल दाग दिया। यह इस विश्व कप में इक्वाडोर का पहला गोल भी रहा।

प्लाटा के गोल से मिली ऐतिहासिक जीत

दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्णायक क्षण 77वें मिनट में आया, जब पेड्रो वीटे के कॉर्नर पर केविन रोड्रिगेज के हेडर को गोलकीपर मैनुएल नोयर रोकने ही वाले थे कि गोंजालो प्लाटा ने गेंद को गोल में पहुंचाकर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। अंतिम सीटी तक इक्वाडोर ने इस बढ़त को बरकरार रखा और ऐतिहासिक जीत दर्ज की। ग्रुप-ई में तीसरे स्थान पर रहते हुए चार अंक हासिल करने वाली टीम अब राउंड ऑफ-32 में मैक्सिको से भिड़ सकती है। मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले को 80,663 दर्शकों ने देखा। फीफा के अनुसार टूर्नामेंट के 56वें मैच तक कुल 35,87,539 दर्शक स्टेडियम पहुंच चुके हैं, जो 1994 विश्व कप के पूरे टूर्नामेंट के रिकॉर्ड से अधिक है।

आइवरी कोस्ट ने पहली बार बनाया अंतिम-32 में स्थान

ग्रुप-ई के दूसरे मुकाबले में निकोलस पेपे के दो गोलों की बदौलत आइवरी कोस्ट ने कुराकाओ को 2-0 से हराकर पहली बार नॉकआउट चरण में जगह बनाई। फिलाडेल्फिया स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पेपे ने सातवें और 64वें मिनट में गोल दागे। अब आइवरी कोस्ट का सामना राउंड ऑफ-32 में ग्रुप-आई की उपविजेता टीम फ्रांस या नॉर्वे से होगा।

जापान-स्वीडन ड्रॉ, नीदरलैंड्स ग्रुप विजेता बना

ग्रुप-एफ में जापान और स्वीडन का मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इस परिणाम के साथ दोनों टीमों ने नॉकआउट में जगह बना ली। जापान ने तीसरी और स्वीडन ने चौथी बार अंतिम-32 में प्रवेश किया। वहीं, नीदरलैंड्स ने ट्यूनीशिया को 3-1 से हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। डच टीम की जीत में ब्रायन ब्रॉबी के एक गोल के अलावा ट्यूनीशिया के दो आत्मघाती गोल निर्णायक साबित हुए। अब नीदरलैंड्स का सामना ग्रुप-सी की उपविजेता मोरक्को से होगा, जबकि जापान की भिड़ंत ब्राजील से होगी।

अमेरिका हारकर भी ग्रुप विजेता रहा

ग्रुप-डी में मेजबान अमेरिका को तुर्की के खिलाफ 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन इसके बावजूद टीम ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहते हुए नॉकआउट में पहुंच गई। अमेरिका अब राउंड ऑफ-32 में बोस्निया-हर्जेगोविना से भिड़ेगा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने पराग्वे के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेलकर ग्रुप में दूसरा स्थान बरकरार रखा और अगले दौर का टिकट हासिल कर लिया। दूसरी ओर पराग्वे की उम्मीदें अब अन्य ग्रुपों के परिणामों पर टिकी हुई हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।