फ्रेंच ओपन फाइनल में पहुंचे फैबियो कोबोली: खिताबी मुकाबले में ज्वेरेव से होगी टक्कर, अर्नाल्डी के हटने से मिला वॉकओवर

2 घंटे पहले
खिताबी मुकाबले में ज्वेरेव से होगी टक्कर, अर्नाल्डी के हटने से मिला वॉकओवर

फ्रेंच ओपन 2026 के पुरुष एकल वर्ग में इटली के फैबियो कोबोली ने अपने करियर का सबसे बड़ा मुकाम हासिल किया। पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले से पहले उनके हमवतन खिलाड़ी माटेओ अर्नाल्डी ने बीमारी के कारण नाम वापस ले लिया। जिसके चलते कोबोली को वॉकओवर मिल गया। अब रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में उनका सामना जर्मनी के स्टार खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा। जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

माटेओ अर्नाल्डी के लिए यह उनके करियर का पहला ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल था। लेकिन वायरल इंफेक्शन और पेट संबंधी गंभीर परेशानी के कारण वह कोर्ट पर उतर ही नहीं सके। मैच से हटने के बाद अर्नाल्डी ने बताया कि रात से ही उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। उन्हें कई बार उल्टियां हुईं और वह कुछ भी खाने-पीने की स्थिति में नहीं थे। चिकित्सकीय सलाह के बाद उन्होंने टूर्नामेंट से हटने का फैसला लिया। अर्नाल्डी ने कहा कि यह फैसला उनके लिए बेहद निराशाजनक रहा। क्योंकि वह अपने करियर के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक खेलने जा रहे थे। हालांकि स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने जोखिम नहीं उठाया।

शानदार फॉर्म में हैं कोबोली

फैबियो कोबोली पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन लय में नजर आए हैं। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने चौथी वरीयता प्राप्त कनाडा के फेलिक्स ऑगर-एलियासिमे को चार सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी। अब बिना सेमीफाइनल खेले फाइनल में पहुंचने के बाद उनका आत्मविश्वास और मजबूत माना जा रहा है। इटली के युवा खिलाड़ी के लिए यह उपलब्धि ऐतिहासिक है। पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचकर उन्होंने इंटरनेशनल टेनिस जगत में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

ज्वेरेव ने मेन्सिक को हराकर बनाई जगह

दूसरे सेमीफाइनल में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने चेक गणराज्य के युवा खिलाड़ी याकूब मेन्सिक को 7-5, 6-2, 3-6, 6-3 से पराजित कर फाइनल का टिकट हासिल किया। मुकाबले में ज्वेरेव ने शुरुआती दो सेट आसानी से अपने नाम किए। जबकि तीसरे सेट में मेन्सिक ने वापसी की कोशिश की। हालांकि चौथे सेट में ज्वेरेव ने अनुभव का फायदा उठाते हुए जीत सुनिश्चित कर ली। यह ज्वेरेव के करियर का चौथा ग्रैंड स्लैम फाइनल और रोलां गैरो में दूसरा फाइनल होगा। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। फाइनल तक पहुंचने के दौरान केवल दो सेट गंवाए हैं।

रोमांचक खिताबी मुकाबले की उम्मीद

टूर्नामेंट के कई बड़े दावेदारों के जल्दी बाहर होने के बाद फाइनल में कोबोली और ज्वेरेव आमने-सामने होंगे। एक ओर पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने जा रहे कोबोली होंगे, तो दूसरी ओर अनुभवी ज्वेरेव अपना पहला फ्रेंच ओपन खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगे। ऐसे में रविवार का मुकाबला टेनिस प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।